🔳कम लागत व अधिक टिकाऊ मानी जाने वाली तकनीक का होगा इस्तेमाल
🔳काला बांस में मिट्टी को जकड़ कर रखने की है खासियत
🔳पौधे लगाने को हाइवे पर जर्जर हालत में पहुंच चुकी पहाड़ियों का शुरु होगा सर्वे
🔳अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी से अभियान शुरु होने की उम्मीद
🔳जीबी पंत अनुसंधान केन्द्र की वैज्ञानिक ने बताई कारगर तकनीक
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))


भूगर्भीय लिहाज से अतिसंवेदनशील अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर भूस्खलन रोकने में मददगार माने जाने वाले काला बांस ( ब्लैक बेंबू) के पौधे लगाने को एनएच प्रशासन ने तैयारी शुरु कर ली है। जीबी पंत कृषि अनुसंधान केंद्र मझेडा़ के वैज्ञानिकों के सुझाव पर जोखिम भरे हाइवे से सटी खतरनाक पहाड़ियों पर काला बांस लगाने की रणनीति तैयार की जाएगी। एनएच के अधिशासी अभियंता एमबी थापा के अनुसार पौधे लगाए जाने को जल्द सर्वे कराया जाएगा। अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों से राय मशविरा कर कदम आगे बढ़ाए जाएंगे।
कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाले महत्वपूर्ण हाइवे पर वर्ष 2010 की आपदा के बाद से ही खतरा लगातार बढ़ गया है। लाखों करोड़ो रुपये खर्च होने के बावजूद अतिसंवेदनशील लोहाली, जौरासी, दोपांखी, काकड़ीघाट, पाडली, रातीघाट आदि तमाम क्षेत्रों में भारी भरकम लोडर मशीनों से कटान होने से पहाड़ियां कमजोर पड़ चुकी है। पहाड़ी से गिरते पत्थर व मलबे की चपेट में आकर कई जिंदगियां भी खत्म हो चुकी है। यही सिलसिला लगातार चलता भी आ रहा है। लगातार कमजोर होती पहाड़ियों से हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए अब एनएच प्रशासन वैज्ञानिकों की सलाह पर खतरनाक हो चुकी पहाड़ियों से भूस्खलन रोकने में मददगार काला बांस स्थापित करने की योजना को अमलीजामा पहनाने की तैयारी में जुट गया है। जल्द ही इसके लिए डेंजर जोन लोहाली से सर्वे शुरु होने की उम्मीद है। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी बरसात में योजना पर काम शुरु हो जाएगा। कम लागत में अधिक टिकाऊ इस तकनीक के इस्तेमाल से कमजोर होती पहाड़ियों के भूभाग को रोकने में काफी हद तक मदद मिलने की उम्मीद है। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि अनुसंधान केंद्र मझेडा़ की प्रभारी व वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. अंजुली अग्रवाल के अनुसार शोध व अध्ययन से पता चला है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्र में काला बास बेहतर काम करता है। इसकी जड़ मिट्टी को मजबूती से जकड़ कर रखती है। यह तेज बारिश को बर्दाश्त कर मिट्टी को खिसकने नहीं देता। खास बात यह है कि यह एक बार लगाए जाने के बाद तेजी से फैलता है। इसे दोबारा लगाने की जरुरत नहीं होती। यह भूस्खलन रोकने में काफी मददगार है। डा. अंजुलि ने दावा किया है कि हाईवे पर भूस्खलन वाले क्षेत्रों में काला बांस बेहतर ढंग से काम कर सकता है। इधर एनएच के अधिशासी अभियंता एमबी थापा के अनुसार जिन स्थानों पर काला बांस लगाया जा सकता है वहां सर्वे कराया जाएगा। वैज्ञानिकों के साथ भी राय मुशायरा करेंगे। कोशिश की जाएगी कि जल्द से जल्द काला बांस के पौधे लगाने की प्रक्रिया शुरु हो सके।




