🔳 देवभूमि व्यापार मंडल बेतालघाट ने लिया निर्णय
🔳 कोसी नदी में गंधक पोटाश के मिश्रण से मछलियों के शिकार पर जताई नाराजगी
🔳 अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई पर दिया जोर
🔳 प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल गरमपानी ने निर्णय को सराहा
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
कोसी नदी क्षेत्र में विस्फोटक का इस्तेमाल करने वाले अराजक तत्वों की अब खैर नहीं है। व्यापार मंडल बेतालघाट ने नदी में गंधक पोटाश के मिश्रण से मछलियों का शिकार करने वालों पर मुकदमा दर्ज करवाने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष बालम सिंह बोहरा के अनुसार नदी में संरक्षित प्रजाति की मछलियों का शिकार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ संगठन मुकदमा दर्ज करने करवाने का कार्य करेगा।
जीवनदायिनी कोसी नदी अराजक तत्वों के निशाने पर हैं। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से बेतालघाट होकर रामनगर जाने वाले जीवनदायिनी कोसी नदी में जगह जगह गोधंक पोटाश के मिश्रण से धमाका कर धड़ल्ले से मछलियों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। गंधक पोटाश के मिश्रण से बड़ी बड़ी मछलियों के साथ ही छोटी छोटी मछलियों के मारे जाने से संरक्षित प्रजाति की रोहू मछली का समूल नष्ट होने का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है। प्रतिबंधित गंधक पोटाश के मिश्रण से धमाका किए जाने से बड़ी घटना का अंदेशा भी बना हुआ है। पूर्व में नावली क्षेत्र में गंधक पोटाश की चपेट में आकर एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल भी हो चुका है। बेतालघाट क्षेत्र में बीते दिनों नदी क्षेत्र में धमाके से मछलियों का शिकार किए जाने से व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताई है। अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष बालम सिंह बोहरा के अनुसार नदी में गंधक पोटाश के मिश्रण कर धमाका करने वाले अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि नदी में धमाका कर मछलियों का शिकार जल्द नहीं रुका तो धमाका करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ व्यापार मंडल ही मुकदमा दर्ज करवाएगा। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल गरमपानी ईकाई के पदाधिकारियों ने बेतालघाट व्यापार मंडल के निर्णय की सराहना की है।
