🔳 दीपक को सौंपी गई ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी
🔳 ग्रामीणों ने बैठक कर लिया सर्वसम्मति से निर्णय
🔳 नवनियुक्त मुखिया ने मिलजुल कर कार्य करने का दिलाया भरोसा
🔳 ग्रामीणों ने क्षेत्र में मिष्ठान वितरित कर मनाई खुशी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित रामगढ़ ब्लॉक के सुयालबाड़ी ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने भी बैठक कर सर्वसम्मति से गांव का मुखिया चुन लिया। पड़ोसी ताड़ीखेत ब्लॉक के मटीला गांव में निर्विरोध प्रधान चुने जाने के बाद अब सुयालबाड़ी के ग्रामीणों ने दीपक सुयाल को सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान चुनकर आसपास की पंचायतों को बड़ा संदेश दिया है।
सोमवार को सुयालबाड़ी में हुई बैठक की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान हंसा सुयाल ने की। ग्रामीणों ने कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। आगामी पंचायत चुनाव पर गहन मंथन कर इस पंचवर्षीय कार्यकाल के लिए निर्विरोध ग्राम प्रधान चयन पर निर्णय लिया गया। कई बिंदुओं पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से दीपक सुयाल को गांव का नया मुखिया चुना गया। नवनियुक्त ग्राम प्रधान ने गांव के लोगों को साथ लेकर जनहित के कार्य करने का भरोसा दिलाया साथ ही विकास कार्यों के लिए गंभीरता से कार्य करने का संकल्प लिया। सर्वसम्मति से गांव का मुखिया चुन लिए जाने पर क्षेत्र में मिष्ठान वितरित कर खुशी व्यक्त की गई। ग्रामीणों ने कहा की मामले की सूचना निर्वाचन विभाग को भी भेजी जाएगी। प्रयास किया जाएगा की भविष्य में भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया जाय। इस दौरान मदन मोहन सुयाल, रमेश सुयाल, मोहन चंद्र कर्नाटक, गिरीश सुयाल, चंद्रशेखर जोशी, घनश्याम सुयाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
