🔳नियमों की धज्जियां उड़ा नदी के बहाव क्षेत्र तक हुआ अतिक्रमण
🔳लगातार निर्माण कार्य होने से सिकुड़ती जा रही पवित्र नदी
🔳बागवानी व आवासीय पट्टों पर भी बहुमंजिला भवनों के निर्माण की सुगबुगाहट
🔳नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले प्रशासन को दे रहे खुली चुनौती
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची क्षेत्र में बहने वाली पवित्र शिप्रा नदी के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है। बाहरी बिल्डर नियमों को ताक पर रख नदी के बहाव क्षेत्र के नजदीक तक निर्माण कार्य कर जिम्मेदारों को खुली चुनौती दे रहे हैं। नदी के नजदीक तक बहुमंजिला इमारतों का निर्माण होने से नदी के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो गया है यहीं नहीं पूरे क्षेत्र में आवासीय व बागवानी पट्टों पर धड़ल्ले से व्यवसायिक गतिविधियों को निर्माण कार्य किए जाने की भी सुगबुगाहट हैं। हालांकि एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने मामले की जांच का दावा किया है।
आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में रोजाना देश विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देख अब कैंची क्षेत्र में बहुमंजिला इमारतों का निर्माण भी तेज हो गया है। कैंची क्षेत्र में बहने वाली पवित्र शिप्रा नदी तक बाहरी बिल्डरों के निशाने पर आ चुकी है। नदी के बहाव क्षेत्र तक निर्माण कार्य कर डाले गए हैं जिससे पवित्र नदी के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो गया है। सवाल उठ रहा है की आखिरकार किसकी अनुमति से नदी के बहाव क्षेत्र तक बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा है वहीं सरकार से मिले आवासीय व बागवानी के भूमि पट्टो पर व्यवसायिक गतिविधियों के लिए भी बहुमंजिला इमारतों का निर्माण की सुगबुगाहट भी है। रह रह कर सवाल उठ रहे हैं की आखिरकार किसकी अनुमति से बिल्डरों को खुली छूट मिल चुकी है। नदी के बहाव क्षेत्र तक निर्माण होने से नदी भी लगातार सिकुड़ती जा रही है। लोगों ने मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो फिर मामला जिलाधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा। एसडीएम कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार मामले में जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।




