🔳कोरोना काल में अस्तित्व में आने के बाद अब चढ़ी अनदेखी की बलि
🔳नजदीक ही खुले आसमान के नीचे चुनावी ड्यूटी निभा रहे कर्मचारी
🔳क्षेत्रवासियों ने लगाया सरकारी धनराशि की बर्बादी का आरोप
🔳मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती भुजान के समीप लाखों रुपये की लागत से तैयार हुई कोविड चौकी बदहाली का दंश झेल रही है। सरकारी धनराशि से बनाई गई चौकी की हालत सरकारी मशीनरी की कार्यप्रणाली की हकीकत बयां कर रही है। बद से बद्तर हालत में पहुंच चुकी चौकी की अनदेखी से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दूसरी ओर कुछ कदम आगे ही चुनावी डूयूटी निभा रही टीम खुले आसमान के नीचे टेंट लगाकर फर्ज निभा रही हैं।
कोरोनाकाल के दौरान सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले लोगों का डाटा एकत्र करने तथा स्वैब के नमूने एकत्र करने को लाखों रुपये की भारी भरकम लागत से जगह जगह चौकियां स्थापित की। चौकियां बनने से कोरानाकाल में डूयूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों व स्वास्थ्य कर्मियों को राहत मिली। समय बीतने के बाद अब कोविड चौकियां बद से बद्तर हालत में पहुंच चुकी है। लगातार अनदेखी से चौकियों की दुर्दशा हो चुकी है। खैरना बाजार के समीप भुजान क्षेत्र में बनी कोविड चौकी की बदहाली विभागीय उपेक्षा की हकीकत बयां कर रही है। सरकारी बजट से बनी चौकी की बदहाली से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। आरोप लगाया है कि सरकारी पैसे की खुलेआम बर्बादी कर दी गई है। नजदीक ही चुनावी ड्यूटी निभा रहे कर्मचारी खुले आसमान के नीचे टेंट लगाकर फर्ज निभा रहे हैं जबकि लाखों की लागत से बनी चौकी की दुर्दशा हो चुकी है। यदि समय रहते देखरेख की गई होती तो कोविड चौकी से ही चुनावी ड्यूटी भी की जा सकती थी। स्थानीय सुनील सिंह मेहरा, गजेंद्र सिंह नेगी, आनंद सिंह नेगी, सोनू बिष्ट आदि ने विभागीय अधिकारियों की लापरवाह रवैये पर नाराजगी जताई है। लाखों रुपये की लागत से बनी चौकि की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।




