🔳 मूसलाधार बारिश से एकाएक उफान में आया बरसाती नाला
🔳 यात्री वाहन के नाले के बीचोंबीच फंसने से मचा हड़कंप
🔳 नाले के दोनों ओर फंसे लोगों ने जान जोखिम में डाल बचाई सबकी जिंदगी
🔳 डोन परेवा – रामनगर मोटर मार्ग की घटना
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट व कोटाबाग ब्लॉक की सीमा पर भारी बारिश के बीच बरसाती नाले के उफान में आने व स्कूल की शिक्षिकाओं से भरे यात्री वाहन के नाले के बीचोंबीच फंसने से हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण ने शिक्षिकाओं व वाहन में सवार यात्रियों को एक एक कर बाहर निकाल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही की बड़ी अनहोनी टल गई। नाले का बहाव कम होने के बाद वाहन को भी बाहर निकाल लिया गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में मेघ जमकर बरस रहे हैं। बुधवार को रामनगर से कोटाबाग ब्लॉक के डोन परेवा क्षेत्र में स्थित स्कूलों में तैनात शिक्षिकाए तैनाती स्थल पर पहुंची। छुट्टी के बाद शिक्षिकाए एक यात्री वाहन से वापस रामनगर की ओर रवाना हुई। वाहन में कुछ और यात्री सवार हो गए। इसी बीच एकाएक मूसलाधार बारिश भी शुरु हो गई। तेज बारिश से रामनगर – डोन परेवा मोटर मार्ग पर बरसाती नालों में भी बहाव बढ़ गया। वाहन चालक ने एक बरसाती नाले को पार करने का प्रयास किया पर बहाव तेज होने से वाहन नाले के बीचोंबीच फंस गया। वाहन के फंसने व नाले का बहाव तेज होने से वाहन में सवार लोगों की चीख पुकार मच गई। नाले के उफान में आने से दोनों ओर फंसे ग्रामीणों व वाहन चालकों ने मामले की गंभीरता को देख नाले के बीचोंबीच पहुंचकर वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी के वाहन से बाहर निकल आने से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश कम होने व नाले का बहाव कम होने के बाद वाहन को भी बाहर निकलवाया गया। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में आवाजाही के दौरान विशेष अहतिआत बरतने की अपील वाहन चालकों से की है।

error: Content is protected !!