🔳 कपड़े धोने के दौरान असंतुलित होकर नदी में गिरी महिला तेज बहाव में फंसी
🔳 बचाने उतरी महिला भी खो बैठी संतुलन
🔳 महिलाओं के तेज वेग के बीच फंसने से मचा हड़कंप
🔳 जीआइसी भुजान में तैनात शिक्षक ने बचा ली दोनों की जिंदगी
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट }}}}

कोसी नदी क्षेत्र में कपड़े धोने पहुंची महिला पैर फिसलने से असंतुलित होकर नदी में गिर गई। नदी के तेज बहाव की जद में आई महिला को साथ आई महिला ने उसे बचाने का प्रयास किया पर वह भी बहाव में संभल न सकी। तेज बहाव के बीच फंसने से चीख पुकार मच गई। जीआइसी भुजान में तैनात शिक्षक ने जान जोखिम में डाल दोनों महिलाओं को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया। गनीमत रही बड़ा हादसा टल गया।
मंगलवार को खैरना के समीप कालिका मोड़ क्षेत्र में रहने वाली रेनू अपनी अन्य साथी के साथ कोसी नदी क्षेत्र में कपड़े धोने पहुंची। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने से इन दिनों नदी का बहाव भी तेज है। कपड़े धोने के दौरान एकाएक रेनू का पैर फिसल गया वह नदी में जा गिरी। रेनू को नदी के बहाव की चपेट में आता देख साथ आई महिला भी उसे बचाने नदी में पहुंच गई। नदी का बहाव तेज होने से दोनों संतुलन न बना सके। महिलाओं की चीख-पुकार सुन हड़कंप मच गया। आसपास के महिलाएं भी मौके की और दौड़ी पर नदी का बहाव तेज होने से नदी के बीच जाने की हिम्मत न जुटा सकी। तभी अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान में तैनात शिक्षक अरिजित सिंह दोनों महिलाओं को बचाने दौड़े। शिक्षक ने साहस का परिचय दे नदी के तेज बहाव के बीच फंसीं दोनों महिलाओं को नदी से बाहर निकाल लिया। शिक्षक के समय रहते दोनों महिलाओं को बचा लिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई। दोनों महिलाओं के सुरक्षित नदी से बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्रवासियों ने शिक्षक के कार्य की सराहना की है।