🔳रिची थापल गांव में कूड़ा वाहन से कूड़ा निस्तारण न होने से ग्रामीण परेशान
🔳ब्लॉक मुख्यालय में कूड़ा वाहन होने के बावजूद मनमानी से ग्राम प्रधान खफा
🔳अधिकारियों पर लगाया अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप
🔳व्यवस्था दुरुस्त न होने पर ब्लॉक मुख्यालय में धरने का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्वच्छ भारत अभियान का दम फूल गया है। रिची थापल गांव में कूड़ा निस्तारण न होने से ग्राम प्रधान ने रोष जताया है। आरोप लगाया है की ब्लॉक मुख्यालय से उपलब्ध कूड़ा वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंच रहा जिस कारण कूड़ा निस्तारण नहीं हो पा रहा। ग्राम प्रधान मनोज पडलिया ने जल्द व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में कूड़ा निस्तारण के लिए स्वच्छ भारत अभियान के तहत कूडादान स्थापित किए गए हैं। जबकि ब्लॉक मुख्यालय में कूड़ा वाहन भी उपलब्ध है बावजूद रिची थापल ग्राम पंचायत के बाशिंदे कूड़ा वाहन का इंतजार करते करते थक चुके हैं। कूड़ा निस्तारण न हो पाने से जगह जगह कूड़े का ढेर लग चुका है। गांव में लगाए गए कूड़ेदान भी भर चुके हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। कूड़ा निस्तारण न हो पाने से गांव के बाशिंदों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष बेतालघाट व ग्राम प्रधान रिची थापल मनोज पडलिया ने क्षेत्र में कूड़ा वाहन न पहुंचने पर रोष जताया है। आरोप लगाया है की लगातार गांवो की उपेक्षा की जा रही है। कूड़ा निस्तारण न होने से व्यवस्था बिगड़ चुकी है। कूड़ा वाहन उपलब्ध होने के बावजूद कूड़ा निस्तारण न किया जाना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शा रहा है। ग्राम प्रधान ने जल्द कूड़ा वाहन के जरिए कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो गांव के बाशिंदों को साथ लेकर ब्लॉक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ब्लॉक के अन्य गांवों में भी हालात जस के तस है। जगह जगह लगा कूड़े का अंबार स्वच्छ भारत अभियान की हकीकत बयां कर रहा है।




