🔳 ऊंचाकोट व अमेल विद्यालय में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
🔳 रामनगर शिक्षा परिषद के सचिव ने सौंपा प्रशस्ति पत्र
🔳 क्षेत्रवासियों बोले – शिक्षकों ने किया गौरवान्वित
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के दो विद्यालयों के शिक्षकों को बेहतर प्रबंधन, छात्र संख्या में बढ़ोतरी करने तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने समेत विभिन्न कार्यों के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए राज्यस्तरीय राजकीय विद्यालय मेरा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है। शिक्षकों को सम्मानित किए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने खुशी व्यक्त की है।
विद्यार्थियों व विद्यालय के हित में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमेल के प्रधानाध्यापक सिद्धार्थ बधानी तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऊंचाकोट के हीरा सिंह जलाल को सम्मानित किया गया है। डाइट अल्मोड़ा में हुए कार्यक्रम में शिक्षा परिषद रामनगर के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने दोनों शिक्षकों को पुरस्कृत किया। सचिव ने भविष्य में और बेहतर करने का आह्वान किया। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल स्थापित करने, विद्यालय को भौतिक रुप से सुसज्जित करने, छात्र संख्या में बढ़ोतरी, प्रतियोगी परीक्षाओं व विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन करने समेत विभिन्न कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। विभिन्न राजनीतिक, गैर-राजनीतिक व व्यापारिक संगठनों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने शिक्षकों को सम्मानित करने पर खुशी व्यक्त की है। कहा की दोनों ही शिक्षकों ने क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
