🔳गांव में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
🔳राजस्व उपनिरीक्षक के माध्यम से एसडीएम को भेजा पत्र
🔳सड़क निर्माण न होने से चढ़ा ग्रामीणों का पारा
🔳आश्वासन के नाम लगातार ठगने का लगाया आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले काकड़ीघाट – द्वारसौ मोटर मार्ग से सटे सुनियाकोट गांव के बाशिंदों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। राजस्व उपनिरीक्षक के माध्यम से उपजिलाधिकारी को भेजें हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से पत्र भेज आगामी 19 अप्रैल को मतदान न करने की सूचना भेज दी है। आरोप लगाया है की रोड निर्माण के नाम पर गांव के लोगों को ठगा जा रहा है।
गुरुवार को सुनियाकोट गांव में ग्राम प्रधान नीमा देवी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में गांव तक सड़क निर्माण न हो पाने पर रोष जताया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा की वर्ष 2021 में बजट उपलब्ध होने के बाद महज चार सौ मीटर सड़क निर्माण हो सका है जिसे भी आधा अधूरा छोड़ दिया गया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के वक्त भी सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया गया पर कवायद शुरु नहीं हुई। फिर दोबारा भी समय-समय पर आश्वासन दिया गया पर आज तक सड़क अस्तित्व में नहीं आ सकी है जबकि सड़क निर्माण के नाम पर लाखों रुपया खर्च किया जा चुका है। सर्वसम्मति से तय हुआ कि आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह कनवाल को बाकायदा हस्ताक्षरयुक्त पत्र भी सौपा गया। ग्राम प्रधान नीमा देवी ने साफ कहा कहा की हमेशा गांव के बाशिंदों को ठगा जा रहा है सड़क निर्माण न होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसान उपज को सिर पर ढोकर हाईवे तक पहुंचाने को मजबूर है पर अब उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रोड नहीं तो वोट नहीं का ऐलान किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह, कुंवर सिंह, गोकुल, लक्ष्मण सिंह, खड़क सिंह, गोपाल सिंह, नारायण सिंह, देव सिंह, नवीन, चंदन, पदम सिंह, चंदन सिंह, गीता देवी, खीमा देवी, शांति, लक्ष्मी, कमला, खीमा, कविता, गंगा, गीता परिहार, आशा, लीला देवी आदि मौजूद रहे। राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह कनवाल के अनुसार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्र उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।




