🔳 मंदिरों में पूजा अर्चना को उमड़ा आस्था का सैलाब
🔳 गरमपानी में श्री राम नाम जाप का श्रीगणेश
🔳 नवदुर्गा, भूमिया व जय बनवारी तिनर महादेव में लगा भंडारा
🔳 सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
रामनवमी पर मंदिरों में पूजा अर्चना से माहौल राममय हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा अर्चना कर सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की। कई मंदिरों में हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगा। गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
रविवार को श्री रामनवमी पर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित नवदुर्गा मंदिर में विधि विधान से धार्मिक अनुष्ठान हुए। हवन, पूर्णाहुति महाआरती के कन्यापूजन किया गया। बाद में भंडारा लगा। हाईवे पर आवाजाही कर रहे यात्रियों को भी प्रसाद वितरित किया गया। गरमपानी मुख्य बाजार में स्थित श्रीराम मंदिर में श्री राम नाम जाप से माहौल राममय हो उठा। बेतालघाट ब्लॉक के मल्ला बर्धो गांव में स्थित भूमिया मंदिर में अखंड रामायण पाठ का भंडारे के साथ पारायण हुआ। आसपास के गांवों से आस्था का सैलाब उमड़ा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी रहा। समीपवर्ती सिमलखा गांव के बतखोला तोक में स्थित जय बनवारी तिनर महादेव मंदिर में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। पुरुषोत्तम भगवान राम के जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा। इस दौरान रघुनंदन खुल्बे, दिनेश सिंह, अनुप सिंह, खुशाल सिंह, भीम सिंह, महेंद्र सिंह, बबलू सिंह, रोशन, रमेश सिंह, पूरन सिंह, मोहन सिंह आदि व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।