🔳रिची बूथ पर सुबह से करते रहे इंतजार साढ़े तीन घंटे देर से शुरु हुआ मतदान
🔳घंघरेठी व च्यूनी गांव में बने बूथ पर मशीन खराब होने से डेढ़ घंटे हुआ विलंब
🔳ताड़ीखेत गांव में पारंपरिक परिधानों में मतदान को पहुंची महिलाएं
🔳कई गांवों में उत्सव सा रहा माहौल
🔳पुलिस, प्रशासन व सुरक्षा बल के जवान रहे मुस्तैद

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। शुरुआत में कुछ गांवों में ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान देरी से शुरु हुआ। रिची गांव में बने बूथ पर मशीन खराब होने से साढ़े तीन घंटे देर से शुरु हुए मतदान के कारण कई मतदाता मायूस होकर वापस लौट गए तथा दोबारा मतदान करने नहीं पहुंचे‌। सूदूर ताड़ीखेत बूथ पर महिलाएं पारंपरिक कुमाऊनी परिधानों में मतदान करने पहुंची।

शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के तहत हुई मतदान प्रक्रिया में कई गांवों में उत्सव सा माहौल रहा। सुबह सात बजे से ही गांवो के बाशिंदे मतदान केंद्रों में पहुंचने शुरु हो गए तथा बढ़-चढ़ कर मतदान प्रक्रिया में भागीदारी की पर कुछ गांवों में ईवीएम मशीन शुरुआत में ही धोखा दे गई जिस कारण मतदाताओं को लंबा इंतजार भी करना पड़ा। बेतालघाट ब्लॉक के घंघरेठी, रिची तथा च्यूनी गांव में ईवीएम मशीन खराब हो जाने से तय समय पर मतदान शुरु नहीं हो सका। च्यूनी व घंघरेठी गांव में दूसरी मशीन पहुंचने के बाद डेढ़ घंटे देरी से मतदान शुरु हो सका जबकि रिची गांव में बने बूथ पर लगभग साढ़े दस बजे पहला वोट डाला जा सका। सुबह सात बजे मतदान केंद्र पर पहुंचे कई मतदाता समय पर दूसरी मशीन के न आने से मायूस होकर वापस घरों को लौट गए तथा दोबारा मतदान को नहीं पहुंचे। ग्राम प्रधान मनोज पडलिया ने व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। सूदूर ताड़ीखेत गांव में उत्सव सा माहौल देखने को मिला। गांव की महिलाएं पारंपरिक कुमाऊनी परिधानों में सज-धज कर मतदान को पहुंची। गरमपानी, खैरना समेत तमाम मतदान केंद्रों में युवा मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। पुलिस, प्रशासन व सुरक्षा बल के जवान शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान को दिनभर मुस्तैदी से जुटे रहे। राजनैतिक पार्टियों के कार्यकर्ता भी मतदाताओं को अपने अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे।

error: Content is protected !!