🔳गूगल से नंबर सर्च करने का उठाया खामियाजा
🔳साइबर अपराधी ने युवती के नंबर पर ओटीपी भेजकर दिया घटना को अंजाम
🔳परेशान युवती ने पुलिस व बैंक कर्मियों को बताया घटनाक्रम
🔳शिकायती पत्र सौंप पैसै वापस दिलाने की लगाई गुहार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे रिकोशा गांव की युवती को साइबर ठगों ने निशाने पर ले 39999 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को बैंक कर्मी बताकर युवती के खाते से पैसे उड़ा दिए। युवती व उसके स्वजनों ने बैंक ऑफ बड़ौदा तथा चौकी खैरना में शिकायती पत्र देकर पैसे वापस दिलवाने तथा ठगी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
साइबर ठगी से बचाव को लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं बावजूद लोग ठगी का शिकार हो जा रहे हैं। हाइवे से सटे रिकोशा गांव की कमला आर्या को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगी का हुई कमला के अनुसार बीते रोज उसके खाते से 345 रुपये निकलने का संदेश मोबाइल में प्राप्त हुआ। जानकारी जुटाने पर उसने गूगल पर बैंक ऑफ बड़ौदा का हेल्पलाइन नंबर निकालने का प्रयास किया। एक नंबर मिलने पर उसे पर फोन लगाया। दूसरी ओर से भी लगातार फोन आने शुरु हो गए फोन कर रहे व्यक्ति ने विश्वास में लेकर एक कोड नंबर का मैसेज आने की बात कहकर नंबर बताने को कहा। जैसे ही कमला ने नंबर बताया उसके खाते से 39999 रुपये की धनराशि कट गई। ठगी का अहसास होने पर कमला ने घटनाक्रम की जानकारी स्वजनों से साझा की। युवती ने स्वजनों के साथ बैक ऑफ बड़ौदा की गरमपानी शाखा पहुंचकर मामला बैंक कर्मियों को बताया था बैंक व चौकी पुलिस खैरना में शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। बैंक कर्मियों ने लोगों से जागरुक रहने का आह्वान किया है।




