🔳 अल्मोड़ा से मालू के पत्ते तोड़ने जौरासी क्षेत्र में पहुंचा था किशोर
🔳 कोसी बैराज से पानी छोड़े जाने से उफान में कोसी
🔳 छड़ा, चमड़ियां व लोहाली के ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू
🔳 नदी के तेज बहाव ने ग्रामीणों की ली परीक्षा
🔳 बामुश्किल ज्याडी पुल से सुरक्षित हाईवे तक पहुंचाया गया किशोर
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जौरासी क्षेत्र में कोसी नदी पार कर मालू के पत्ते तोड़ने पहुंचे किशोर की जिंदगी खतरे में पड़ गई। एकाएक कोसी नदी के उफान में आने से किशोर नदी के दूसरे छोर में फंस गया। सूचना पर पहुंचे छड़ा गांव के ग्रामीण ने युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया पर उफान तेज होने से सफलता नहीं मिली कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण किशोर को ज्याडी क्षेत्र में बनी पुल से सुरक्षित हाईवे तक पहुंचाने में सफल हुए। किशोर की जान बचाने पर क्षेत्रवासियों ने ग्रामीणों की सराहना की।
सोमवार को बरसीमा, अल्मोड़ा निवासी आर्यन सिंगोड़ी मिठाई में इस्तेमाल होने वाले मालू के पत्ते तोड़ने को जौरासी क्षेत्र में पहुंचा। कोसी नदी को पार करने के बाद वह पत्ते तोड़ने लगा की तभी एकाएक कोसी नदी का बहाव तेज हो गया। नदी के दूसरे छोर में फंसने से आर्यन ने हो हल्ला कर मदद की गुहार लगाई। लोहाली निवासी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किशोर को मुश्किल में देख छड़ा बाजार के व्यापारी विरेंद्र बिष्ट को सूचना दी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विरेन्द्र बगैर समय गवांए चमड़ियां, लोहाली व छड़ा गांव के नंदन सिंह, प्रकाश चंद्र, ललित दानी, प्रियांशु नेगी, गोधन नेगी, प्रताप बिष्ट, विजय बिष्ट, दीपक फर्त्याल, राजन मोर्या को लेकर मौके पर पहुंचे। किशोर को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरु किया गया पर लगातार उफान तेज होने से सभी को कदम पीछे खिंचने पड़े। अल्मोड़ा स्थित कोसी बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से नदी का बहाव बढ़ने का अंदेशा जताया गया। ग्रामीणों ने किशोर को कड़ी निगरानी व विशेष दिशा निर्देशों से बामुश्किल ज्याडी क्षेत्र तक पहुंचाया जहां से सुरक्षित बाजार तक लाया गया। किशोर के सुरक्षित वापस आने से लोगों ने राहत की सांस ली। किशोर व स्थानीय लोगो ने छडा व चमड़ियां व लोहाली के ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
