🔳दिनभर में कई बार जाम लगने से वाहनों की लग रही कतार
🔳जाम से निजात को पुलिस की रणनीति हो जा रही फेल
🔳रफ्तार थमने से पर्यटकों व यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
🔳एनएच प्रशासन की सुस्ती पड़ते जा रही भारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

पुलिस कुमाऊं की लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को विशेष रणनीति तैयार करने में जुटी है‌ पुलिस कर्मी भी दिनभर खूब पसीना बहा रहे हैं पर दो पांखी क्षेत्र में हाइवे के हालात सब किए कराए पर पानी फेर दे रहे है। समुचित बजट उपलब्ध होने के बावजूद हालात न सुधरने से सैकड़ों वाहन जाम में फंसते चले जा रहे हैं। दिनभर में कई बार दोपांखी क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग जा रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। आए दिन जाम में फंसने से वाहनों की कतार लग जा रही है। मंगलवार को भी दोपांखी क्षेत्र से शुरु हुए जाम से हाइवे पर यातायात व्यवस्था लड़खड़ा गई। जाम में फंसे छोटे बड़े वाहनों की कतार लगती चली गई। एक घंटे बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हो पाया। यात्रियों व पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस हाइवे पर यातायात व्यवस्था चाक चौबंद करने को विशेष रणनीति तैयार कर रही है। खैरना, कैंची व भवाली पुलिस की टीम व्यवस्था बनाने में खूब पसीना भी बहा रही है‌ पर दोपांखी क्षेत्र में वन वे आवाजाही से व्यवस्था पटरी से उतर जा रही है। चौड़ीकरण का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से हालात बद से बद्तर हो चुके हैं। व्यापारी नेता रघुराज सिंह बर्गली, मनीष तिवारी, गोधन सिंह, मनोज नैनवाल, फिरोज अहमद, संजय सिंह आदि के अनुसार दोपांखी क्षेत्र की अनदेखी लगातार भारी पड़ते जा रही है। जाम का प्रमुख कारण भी दोपांखी क्षेत्र ही है बावजूद एनएच के अफसर अनदेखी पर आमादा है जिसका खामियाजा आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया है।

error: Content is protected !!