🔳 प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने से अभिभावक व विद्यार्थी परेशान
🔳 दूर दराज के गांवों से तहसील के चक्कर काटना बनी मजबूरी
🔳 विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी जताई नाराजगी
🔳 रोजगार व शिक्षा में आरक्षण व छूट के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है इडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को रोजगार व शिक्षा में आरक्षण व छूट प्रदान करने के लिए तहसील स्तर पर बनने वाला इडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने से नौनिहाल व स्वजन परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने समस्या का समाधान किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें। एसडीएम मोनिका आर्या के अनुसार प्रयास किया जा रहा है की प्राथमिकता से प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जा सकें।
आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के परिवारों को आय व संपत्ति प्रमाण पत्र के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रावधान है‌। आय व संपत्ति प्रमाण पत्र (इडब्ल्यूएस) कमजोर तबके के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है पर पिछले कुछ समय से कोसी घाटी की श्री कैंची धाम व बेतालघाट तहसील से लाभार्थियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध ही नहीं हो पा रहे। सभी जरुरी अभिलेख उपलब्ध कराए जाने के बावजूद प्रमाण पत्र लंबित पड़े हैं जिससे अभिभावक व विद्यार्थी चिंतित हैं। क्षेत्र के कुछ विद्यार्थियों का चयन पॉलिटेक्निक के लिए हुआ है। प्रवेश की अंतिम तिथि भी नजदीक है पर अब तक प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने से विद्यार्थियों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। अभिभावक प्रमाण की उम्मीद में दूर दराज के गांवों से तहसीलों के चक्कर काट रहे हैं पर प्रमाण पत्र उपलब्ध न हो पाने से मायूस होकर वापस लौटना मजबूरी बन चुकी है। महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने से विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी नाराजगी भी जताई है। साफ कहा है की नौनिहालों के भविष्य से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द प्रमाण पत्र उपलब्ध न कराने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका आर्या के अनुसार दोनों ही तहसीलों में वर्तमान में तहसीलदार ने होने से समस्या आई है। फिलहाल लालकुआं तहसीलदार के पास चार्ज है। प्राथमिकता से प्रमाण पत्र जारी किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी लंबित प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही श्री कैंची धाम तहसील की तहसीलदार के लौटने पर व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

error: Content is protected !!