🔳बिजली संचालित उपकरण ठप होने से व्यापारियों को हुआ नुकसान
🔳बगैर सूचना घंटों आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ताओं में नाराजगी
🔳विद्युत विभाग पर लगाया उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳अवर अभियंता ने बिजलीघर में मशीनों की मरम्मत का दिया हवाला
{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}

कोसी घाटी में नौ घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने भी नुकसान होने से गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की बगैर सूचना सार्वजनिक किए नौ घंटे तक आपूर्ति ठप कर दी गई। विद्युत विभाग के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह के अनुसार बिजलीघर में मशीनों की मरम्मत के कारण आपूर्ति बंद रही।
शुक्रवार को कोसी घाटी के बाशिंदे सुबह से ही विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से परेशान रहे। सुबह नौ बजे के आसपास आपूर्ति ठप हो जाने के बाद लोगों को आपूर्ति सुचारु हो जाने की उम्मीद थी पर आपूर्ति सुचारु न होने से दिक्कतें बढ़ती चली गई। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर होटल व रैस्टोरेन्ट संचालित करने वाले व्यापारियों को फ्रिज आदि के न चल पाने से नुकसान उठाना पड़ा जबकि आसपास के गांवों से आवश्यकीय कार्य को गरमपानी खैरना बाजार पहुंचे लोगों के कार्य न होने से मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधा तो जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने का आश्वासन मिला पर बामुश्किल शाम छह बजे के आसपास आपूर्ति सुचारु हो सकी। आपूर्ति ठप रहने से कोसी घाटी के तमाम गांवों के लोगो को कई परेशानियों से जूझना पड़ा। शाम तकरीबन छह बजे के आसपास आपूर्ति बाहल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। पूर्व में सूचना प्रसारित न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। अवर अभियंता गजेंद्र सिंह के अनुसार बिजलीघर में यार्ड, मुख्य लाइन के ब्रेकर, पैनल, आइशोलेटर समेत अन्य उपकरणों की मरम्मत होने से आपूर्ति बंद रखी गई। पूर्व में दी गई सूचना के दिन बारिश होने से मरम्मत नहीं हो सकी थी।