🔳 क्वारब में अतिसंवेदनशील पहाड़ी से हुए भूस्खलन ने बिगाड़े हालात
🔳 आवाजाही ठप होने से हाईवे पर लगी रही वाहनों की कतार
🔳 अहतियान खैरना से किया गया रुट डायवर्ट
🔳 पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से कई बार मलबा हटाने का कार्य हुआ प्रभावित
🔳 आवाजाही सुचारु होने के बाद भी रुक रुक कर गिरता रहा मलबा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में स्थित अतिसंवेदनशील पहाड़ी से भूस्खलन होने से घंटों आवाजाही ठप हो गई। आवाजाही कर रहे यात्रियों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आनन फानन में खैरना से रुट डायवर्ट कर दिया गया। तीन बजे के आसपास लोडर मशीनों से मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल खतरे की बीच आवाजाही सुचारु हुई। दिन भर पहाड़ी से रुक रुक कर मलबा व पत्थर गिरते रहे।
गुरुवार को सुबह तकरीबन आठ बजे के आसपास अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में खतरा बन चुकी पहाड़ी एक बार फिर दरक गई। पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने से हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई। गनीमत रही की कोई वाहन मलबे व पत्थरों की चपेट नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। आवाजाही ठप होने से दोनों और छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसने से यात्रियों को खासी फजीहत का सामना करना पड़ा। सूचना पर एनएच प्रशासन की लोडर मशीनें मौके पर पहुंची। मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरु किया गया। पहाड़ी से लगातार पत्थरों व मलबे के गिरने से कई बार मशीन चालकों को पीछे हटना पड़ा। दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास आवाजाही थोड़ी देर के लिए सुचारु हो सकी ही थी की एक बार फिर पहाड़ी पर भूस्खलन हो गया। मलबा हटवाए जाने के बाद बामुश्किल खतरे के बीच दोबारा यातायात सुचारु हो सका। शाम तक भी कई बार पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरते रहे। एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार के अनुसार पानी के स्रोत के समीप भूस्खलन हुआ है। मलबा हटवाकर यातायात सुचारु किया गया है। सुरक्षित व सुगम आवाजाही के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है।

error: Content is protected !!