🔳आबादी के नजदीक तक पहुंचकर डाल दे रहा डेरा
🔳दिन ढलने के साथ गांव के बाशिंदे घरों में हो जा रहे कैद
🔳स्कूली बच्चों व खेतों में आवाजाही करने वाली महिलाओं पर भी मंडरा रहा खतरा
🔳ग्रामीणों ने उठाई पिंजरा लगाकर आंतक से निजात दिलाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर बुधलाकोट गांव के ढेलका तोक में गुलदार का जोड़ा आबादी के नजदीक तक पहुंचने से हड़कंप मच गया। आए दिन गुलदार का जोड़ा दिखाई देने से गांव के बाशिंदे खौफजदा हैं। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार की दहशत से खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ग्रामीणों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
ढेलका तोक में गुलदार का जोड़ा दहशत का पर्याय बन चुका है। गुलदार का जोड़ा दिखाई देने से गांव में खौफ का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण दिन ढलने के साथ ही घरों में कैद होने को मजबूर हो जा रहे हैं। महिलाएं खेतों में जाने तक में घबराने लगी है जबकि अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने तक में घबराने लगे हैं। स्थानीय चंद्रशेखर बुधलाकोटी के अनुसार लंबे समय से गुलदार का जोड़ा आबादी के नजदीक तक पहुंच जा रहा है। शिकार की तलाश में गुलदार का जोड़ा घंटों तक आबादी के आसपास घुम रहा जिससे कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकतीं हैं। ग्रामीणों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने को पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है।




