🔳अराजक तत्व जहरीले पदार्थ का इस्तेमाल कर मछलियों का कर रहे समूल नष्ट
🔳रोजाना हजारों मछलियों का किया जा रहा शिकार
🔳जहरीले पदार्थ से मवेशियों पर भी मंडरा रहा खतरा
🔳व्यापारियों ने कड़ी कानूनी कार्रवाई की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में अराजक तत्व जहरीले पदार्थ से मछलियों को मार डाल रहे हैं। जहरीला पदार्थ नदी में डाले जाने से मछलियों का समूल नष्ट हो जा रहा है। छोटी छोटी मछलियां भी मारी जा रही है। स्थानीय व्यापारी रघुराज सिंह बर्गली ने अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
हाइवे पर स्थित रामगढ़ क्षेत्र में अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। क्षेत्र में बहने वाली पवित्र शिप्रा नदी व हली गधेरे में खुलेआम मछलियों का शिकार किया जा रहा है। अराजक तत्व नदी में जहरीला पदार्थ डाल मछलियों को मौत के घाट उतार दे रहे हैं। रोजाना हजारों मछलियों के मारे जाने से मछलियों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है। अराजक तत्व नदी में इतना जहरीला पदार्थ डाल रहे हैं की दूर दूर तक मछलियां तड़प तड़प कर जान गंवा दे रही है। नदी से पशुपालकों के मवेशी भी पानी पीते हैं ऐसे में मवेशियों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता जा रहा है‌ स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार अराजक तत्वों को मना किया जा चुका है बावजूद मनमानी की जा रही है। आए दिन नदी में जहरीले पदार्थ से मछलियों का शिकार किया जा रहा है। बीते दिनों भारी संख्या में मछलियों के मरने से अराजक तत्वों ने मछलियां खैरना बाजार में तक बेच डाली। व्यापारी नेता रघुराज सिंह बर्गली, हीरा सिंह, विरेन्द्र सिंह, फिरोज अहमद, गोधन सिंह बर्गली आदि ने अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।