🔳बैंक में पैसे जमा करने पहुंचा व्यापारी तो हुई पुष्टि
🔳नकली नोट पहुंचने से बाजार क्षेत्र में मचा हड़कंप
🔳व्यापारियों ने लोगों से की जांच परख कर लेनदेन करने की अपील
🔳चौकी प्रभारी खैरना ने किया जांच का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में ऑनलाइन व्यवसाय करने वाले व्यापारी के पास सौ रुपये का नकली नोट आने से हड़कंप मच गया। व्यापारी पैसे जमा करने स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की खैरना शाखा में पहुंचा तो कैशियर ने नोट के नकली होने का खुलासा किया। नकली नोट के कोसी घाटी स्थित बाजार क्षेत्र में पहुंचने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार मामले की जांच की जाएगी।
मंगलवार को गरमपानी मुख्य बाजार में ऑनलाइन सामग्री की डिलीवरी करने का कार्य करने वाले स्थानीय व्यापारी योगेश कुमार खैरना बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा में कैश जमा करने पहुंचे कि तभी गिनती के दौरान सौ रुपये के एक नोट के नकली होने की पुष्टि हुई। बैंक कर्मियों ने नोट व्यापारी को वापस कर दिया। कैशियर मनीष नेगी के अनुसार सौ रुपये के नोट के नकली होने की पुष्टि हुई है। नकली नोट आने से व्यापारी भी सख्ते में आ गया। योगेश के अनुसार कई जगह से पेमेंट आती है। ऐसे में नकली नोट पाए जाने से तमाम सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारी ने अन्य लोगों से भी जांच परख कर ही नोट लेने की अपील की है ताकी अन्य व्यापारियों को नुकसान न उठाना पड़े। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार मामले की जांच करवाई जाएगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।




