🔳खैरना बाजार क्षेत्र व अस्पताल परिसर में नहीं सुधर रहे हालात
🔳पेयजल संकट से स्थानीय लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
🔳चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी हैंडपंप से पानी ढोने को मजबूर
🔳आए दिन अव्यवस्था से चढ़ने लगा क्षेत्रवासियों का पारा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। सीएचसी परिसर में भी पानी की बूंद बूंद का अकाल पड़ चुका है बावजूद जल संस्थान के अधिकारियों की कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। विभागीय अनदेखी से अब लोगों का पारा भी चढ़ने लगा है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द अस्पताल परिसर व बाजार क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
खैरना बाजार क्षेत्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी परिसर में पेयजल संकट सिर चढ़कर बोल रहा है। दो चार दिन पानी की आपूर्ति होने के बाद फिर कई दिनों तक आपूर्ति ठप हो जा रही है। कभी बाजार के कुछ हिस्सों में आपूर्ति हो भी रही है तो कुछ हिस्सा पानी के लिए तरस जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में हालात और ज्यादा विकट है। पानी न मिलने से दिन भर डूयूटी निभाने के बाद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी खैरना बाजार क्षेत्र में लगे हैंडपंप से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। अस्पताल में भी पानी के संकट से मरीजों व तमीरदारो को बूंद बूंद पानी को जूझना पड़ रहा है। कई बार अस्पताल में सफाई व्यवस्था तक चरमरा जा रही है। स्थानीय लोग कई बार व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद जल संस्थान व्यवस्था में सुधार को कदम नहीं उठा रहा। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय पूरन सिंह, हरीश नेगी, राजेंद्र नेगी, भुवन जलाल, शंकर जोशी, महेंद्र सिंह बिष्ट आदि ने पेयजल आपूर्ति दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




