🔳 बस सेवा का संचालन होने से श्रद्धालु होंगे लाभान्वित
🔳 नीम करौरी आश्रम, कर्कटेश्वर महादेव व स्वामी विवेकानंद तपोस्थली के होंगे दर्शन
🔳 सेवा उपलब्ध होने से सैकड़ों गांवों के बाशिंदों को भी मिलेगा लाभ
🔳 विधिवत रुप से पूजा अर्चना के बाद हुआ शुभारंभ
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
कैंची धाम से दिल्ली को बस सेवा शुरु होने के बाद अब बाबा नीम करौरी आश्रम काकड़ीघाट धाम से भी वातानुकूलित बस सेवा का संचालन शुरु कर दिया गया है। बस का संचालन शुरु होने से श्रद्धालु अब बाबा के आश्रम के साथ ही कर्कटेश्वर महादेव मंदिर व समीप ही स्थित स्वामी विवेकानन्द तपोस्थली के भी दर्शन कर सकेंगे। बस सेवा का संचालन शुरु होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।
मंगलवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित बाबा नीम करौरी आश्रम काकड़ीघाट से निजी कंपनी का संचालन शुरु कर दिया गया। काकड़ीघाट में लगातार बढ़ रही श्रदालुओं व पर्यटकों की संख्या को देख निजी कंपनी ने बस के संचालन का निर्णय लिया। बाबा नीम करौरी आश्रम के मुख्य पुजारी आंनद गैड़ा, विवेकानंद सेवा समिति के हरीश परिहार, भाजपा नेता बिशन सिंह कनवाल, दिलिप सिंह बोहरा व कांग्रेसी नेता गोपाल सिंह कनवाल ने संयुक्त रुप से रिबन काट सेवा का शुभारंभ किया। अतिथियों ने कहा की बस सेवा शुरु होने से दिल्ली से श्रद्धालु व पर्यटक नीम करौरी आश्रम, कर्कटेश्वर महादेव मंदिर व स्वामी विवेकानंद तपोस्थली का भ्रमण कर सकेंगे। स्थानीय लोगों को भी सुविधा का लाभ मिलेगा वहीं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। शाम को बस कैंची धाम होते हुए दिल्ली को रवाना हो गई। इस दौरान जगमोहन जीना, महेंद्र कनवाल, अमित कनवाल, रमेश कांडपाल, गोपाल नेगी, सुनील कांडपाल आदि मौजूद रहे।