🔳 प्रशिक्षण को तैयार की गई है विशेष रणनीति
🔳 श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को करेंगे कार्य
🔳 पर्यटन व धार्मिक स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने में भी निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका
🔳 कैंची धाम में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या को देख बनाई गई है रणनीति
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग चालीस युवाओं को विशेष प्रशिक्षण देगा। इसके लिए बकायदा पहले चरण में चालीस युवाओं को चिह्नित भी कर लिया गया है। युवाओं को अतिथि सत्कार, देखभाल व सूचना आदान प्रदान समेत अन्य बिंदुओं पर दक्ष किया जाएगा।
देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है‌। रोजाना ही हजारों श्रद्धालु बाबा नीम करौरी के दर पर शीश झुकाने को कैंची धाम पहुंच रहे हैं। कैंची क्षेत्र में व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने को तेजी से मूलभूत सुविधाएं जुटाने को कार्य गतिमान है। करोड़ों रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी पार्किंग, पाथवे, ध्यान केंद्र के साथ ही ने सेतू का निर्माण भी किया जा रहा है। आस्था का सैलाब उमड़ने से कैंची धाम में धारण क्षमता व पंजीकरण क्षमता लागू किए जाने को सर्वे भी किया जा रहा है ताकी श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए जा सकें। वहीं अब पर्यटन विभाग ने स्थानीय युवाओं को विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की रुपरेखा तैयार की है। पहले चरण में करीब चालीस युवाओं को चिह्नित किया गया है। पर्यटन विभाग युवाओं को प्रशिक्षण देकर कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के अतिथि सत्कार के साथ ही मान सम्मान, पसंद नापसंद, बातचीत तथा आसपास के पर्यटन व धार्मिक स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में दक्ष करेगा। प्रशिक्षण देने वाले ट्रेनर युवाओं को मेहमानों की जरुरतों का ध्यान रखने, प्रत्येक सुविधा उपलब्ध कराने व प्रभावी बातचीत के विषय में टिप्स देंगे ताकी कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी भी परेशानी न जूझना पड़े। जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी के अनुसार आतिथ्यनिष्ठता में दक्ष युवा कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही कैंची धाम से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे।

error: Content is protected !!