🔳कुमाऊं कमिश्नर के कार्यालय तक पहुंचाई शिकायत
🔳व्यापारी ने ज्ञापन सौंपकर उठाई कार्रवाई की मांग
🔳निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर दिया जोर
🔳सिमराड़ – पांगकटारा – खलाड़ मोटर मार्ग व धनियाकोट जेजेएम योजना का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सड़क पर डामरीकरण व जल जीवन मिशन योजना के कार्य में अनियमितता की शिकायत कुमाऊं आयुक्त के दरबार तक पहुंच गई है। खैरना के व्यापारी ने कुमाऊं आयुक्त के कार्यालय में ज्ञापन सौंप खलाड़ – सिमराड़ – पांगकटारा मोटर मार्ग पर घटिया निर्माण कार्य व डामरीकरण किए जाने तथा मल्लाकोट गांव की जल जीवन मिशन योजना में अनियमितता का आरोप लगाया है। व्यापारी ने विकास कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई की मांग उठा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पर जोर दिया है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले खलाड़ – पांगकटारा – सिमराड़ मोटर मार्ग पर गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य व घटिया डामरीकरण किए जाने का आरोप लगा खैरना के व्यापारी पुष्कर सिंह पनौरा कुमाऊं आयुक्त के नैनीताल कार्यालय पहुंच गए। ज्ञापन के माध्यम से बताया है की मोटर मार्ग पर घटिया कार्य कर सरकारी धनराशि की बर्बादी की गई है। वहीं धनियाकोट क्षेत्र में जल जीवन मिशन की लाखों रुपये के बजट की योजना में भी भारी अनियमितता बरती गई है। महत्वपूर्ण योजना में अनियमितता किए जाने से गांव के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। आरोप लगाया की योजना के पाइपों को दूसरी योजना के पाइपों के साथ साथ बिछा दिया गया है। जो नियमानुसार एकदम ग़लत है। पुष्कर सिंह पनौरा ने कुमाऊं आयुक्त से मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर जोर दिया है।




