🔳 घर के नजदीक ही महिला पर झपटा बंदरों का झुंड
🔳 चीख पुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बामुश्किल बंदरों के चंगुल से बचाया
🔳 गंभीर रुप से घायल महिला को उपचार के लिए पहुंचाया गया अस्पताल
🔳 लगातार तेज हो रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट क्षेत्र में कटखने बंदरो का आंतक चरम पर पहुंच गया है। बीते दिनों दो बच्चों को घायल करने के बाद अब बंदरों का झुंड महिला पर झपट गया। बंदरों के हमले में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में घायल का उपचार किया गया। क्षेत्रवासियों ने कटखने बंदरों के आंतक से निजात दिलाए जाने की मांग दोहराई है।
धनियाकोट क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे कटखने बंदरों के आंतक से स्थानीय लोग दहशत में है। आए दिन बंदर लोगों पर हमलावर हो जा रहे हैं। सोमवार को स्थानीय मुन्नी देवी घर पर घरेलू कार्यों में जुटी थी। बंदरों को भगाने के लिए वह आंगन में पहुंची ही थी की बंदरों के झुंड ने महिला पर हमला कर दिया। एकाएक बंदरों के झुंड के हमलावर होने से मुन्नी देवी जमीन पर जा गिरी। महिला की चीख पुकार सुन आसपास के लोग महिला को बचाने दौड़े। हो हल्ला कर बामुश्किल महिला को बंदरों के झुंड से छुड़ाया गया। स्वजन लहुलुहान हालत में महिला को सीएचसी गरमपानी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने घायल का उपचार किया। महिला की पीठ व सिर पर गहरे जख्मों के निशान हैं। कुछ दिन पहले ही बंदर स्कूल से लौट रहे दो नौनिहालों को घायल कर चुके हैं। पिछले कुछ समय में ही करीब दो दर्जन से अधिक लोग बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाभाशु सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा, पुष्कर पनौरा, राजेंद्र सिंह आदि ने वन विभाग से बंदरो के आंतक से निजात दिलाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है की अनदेखी पर कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *