🔳एनएच विभाग को दिए पंद्रह दिन के भीतर हालात सुधारने के निर्देश
🔳सड़क सुरक्षा समिति लेगी हाइवे के हालातों का जायजा
🔳हिलाहवाली पर एनएच के अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
🔳करोड़ो रुपये का बजट उपलब्ध होने के बावजूद मंद गति से चल रहे कार्यों पर डीएम नाराज
🔳भवाली से काकड़ीघाट क्षेत्र तक आवाजाही हुई खतरनाक
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाले अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे की बदहाल स्थिति पर आखिरकार जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपना लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों पर डीएम वंदना सिंह ने एनएच के अधिशासी अभियंता को पंद्रह दिन के भीतर हाइवे के हालात सुधारने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी वंदना सिंह के अनुसार पंद्रह दिन बाद सड़क सुरक्षा समिति हाइवे का निरीक्षण करेगी यदि तब भी निर्माणाधीन कार्यों में तेजी व गुणवत्ता नहीं मिली तो फिर एनएच के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के सख्त रुख अपनाने से अब महत्वपूर्ण हाइवे की स्थिति में सुधार की उम्मीद जग गई है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे कुमाऊं का सबसे महत्वपूर्ण हाइवे है। रोजाना हजारों यात्री वाहन व रश्द से लदे वाहन भी इसी हाइवे से आवाजाही करते हैं। रानीखेत स्थित कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर व गनियाद्योली स्थित सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय को भी इसी हाइवे से खाद्यान्न व अन्य सामग्री भेजी जाती है। कुमाऊं का सबसे महत्वपूर्ण हाइवे होने के बावजूद हाइवे के हालात बद से बद्तर हो चुके हैं। जर्जर हालत में पहुंचने से जाम भी एक बड़ी समस्या बन चुका है। यह हालात तब है जब हाइवे की मरम्मत को करीब 39 करोड़ रुपये से भी अधिक का बजट एनएच विभाग को मिल चुका है। बावजूद हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। हाइवे की लगातार बिगड़ रही स्थित पर अब जिलाधिकारी वंदना सिंह ने सख्त रुख अपना लिया। डीएम ने एनएच के अफसरों को तलब कर तत्काल हाइवे को दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए हैं बकायदा पंद्रह दिन की समय सीमा भी तय कर दी है। तय समय पर हालात न सुधरने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। जिलाधिकारी वंदना सिंह के अनुसार लगातार मिल रही शिकायतों व पर्यटन सीजन के मद्देनजर हाइवे के अधिशासी अभियंता को पंद्रह दिन के भीतर हालात सुधरने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अधिकारियों से कार्यदाई कंपनी के सभी मामलों का निस्तारण कर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। जिलाधिकारी के अनुसार पंद्रह दिन बाद सड़क सुरक्षा समिति से हाइवे का निरीक्षण करवाया जाएगा बावजूद करोड़ों के बजट से किए जा रहे निर्माण कार्यों पर तेजी व गुणवत्ता से खिलवाड़ किया गया तो फिर अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के सख्त रुख अपनाने से जहां एनएच विभाग में हड़कंप मच गया है वहीं हाईवे के दुरुस्त होने की उम्मीद भी जग गई है।




