◾मामले को गंभीर मान खुद जांच करने का किया दावा
◾ जांच को गठित टीम ने भी सौंपी बीईओ को रिपोर्ट
◾ रामगढ़ ब्लॉक के सूदूर ल्वेशाल गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रामगढ़ ब्लॉक के ल्वेशाल गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में शराब की खाली बोतलें मिलने तथा शिक्षा व्यवस्था चरमराने के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विद्यालय के शिक्षक का एक माह का वेतन रोकने के बाद अब गंभीर मामले में जांच का जिम्मा खुद संभालने का दावा किया है। बीईओ गीतिका जोशी के अनुसार मामले में गठित जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद अब वह खुद भी मामले की जांच करेंगी।
दरअसल ल्वेशाल गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बीते दिनों दो अभिभावको ने विद्यालय की व्यवस्था का विडियो बनाकर ब्लॉग के माध्यम से वायरल कर दिया। विडियो के जरिए विद्यालय में जहां तहां शराब की खाली बोतलें तथा बैग से एक शराब से भरी बोतल भी दिखाई। विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों की कापियां दिखा शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। नौनिहालों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। विद्यालय परिसर स्थित कार्यालय में शराब की खाली बोतलें मिलने पर शिक्षक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। विडियो तेजी से वायरल होने पर खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने मामले में जांच बैठा दी। शिक्षक का एक माह का वेतन रोक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। गठित टीम ने भी रिपोर्ट बीईओ को सौंप दी है। मामले को गंभीर मान बीईओ ने अब खुद जांच करने का भी फैसला लिया है। खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी के अनुसार जांच टीम से रिपोर्ट मिल चुकी है। कहा की अब स्वयं भी मामले की जांच करेंगी।

error: Content is protected !!