🔳 अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में हुआ कार्यक्रम
🔳 शानदार प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित
🔳 शिक्षकों ने विद्यार्थियों से साझा की कई अहम जानकारियां
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में बैगलैस डे पर बाल कवि सम्मेलन हुआ। विद्यार्थियों ने स्वचलित कविताओं की प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। शानदार कविताओं की प्रस्तुति पर विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को कविता पाठ से संबंधित कई अहम जानकारियां दी।
शनिवार को विद्यालय सभागार में बाल कवि सम्मेलन का शुभारंभ प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को कविता रचना से एकाग्रचित्त होने पर बल दिया। कहा की ऐसी रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थी लाभान्वित होते हैं। विद्यालय की हिमांशी, नेहा, प्रियांशी व ललित चौहान को स्कूल चलें, पर्यावरण, सुनहरी धूप, कुछ सीखेंगे की कविताओं की शानदार प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत किया गया। मोनिका कश्मीरा, इरम बेनजीर, शीतल भण्डारी, दीपक सिंह व अमन कुमार बाल कवियों के साथ ही शिक्षक अल्ताफ शाह, सत्यदेव व कुसुम पाल ने भी कविता पाठ किया। संचालन हास्य कवि व शिक्षक राजकुमार भंडारी ने किया। इस दौरान संजय शर्मा, डा. अरविंद मिश्रा, पुष्पा मठपाल, भुवन जोशी आदि मौजूद रहे।




