🔳 डेढ़ महीने से सीएचसी गरमपानी में ठप पड़ी है सेवा
🔳 निजी चिकित्सालयों को रुख करना बनी मजबूरी
🔳 बहुउद्देशीय शिविर में भी मुद्दा उठने के बाद नहीं हो सका समाधान
🔳 स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में रोष

[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में डेढ़ महीने से भी अधिक समय से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने के बाद अब अल्ट्रासाउंड के लिए नैनीताल व भवाली पहुंच रहे मरीजों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। तीसरे दिन नंबर आने से लोग परेशान है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने बीते दिनों जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम में समस्या उठने के बावजूद समाधान न होने पर नाराजगी जताई है।

पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाएं लोगों के लिए पहाड़ बन चुकी है। पहाड़ों में स्थित अस्पताल महज रेफर सेंटर बन चुके हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लोगों को मिलों का सफर तय करना मजबूरी बन चुकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के हालात भी कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रहे हैं। रेडियोलोजिस्ट की तैनाती न होने से लंबे समय से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप है। गांवों से अल्ट्रासाउंड को अस्पताल पहुंच रहे मरीज मायूस होकर वापस लौट जा रहे हैं। मजबूरी में कुछ लोग नैनीताल व भवाली जा रहे हैं पर वहां भी तीसरे दिन नंबर आने से लोग हल्द्वानी के निजी चिकित्सालयों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। पूर्व में बहुउद्देशीय शिविर में भी अल्ट्रासाउंड सेवा का मुद्दा जोर-शोर से उठने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी है। बेतालघाट ब्लॉक के जजूला गांव निवासी सोबन सिंह करायत के अनुसार अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ न मिलने से क्षेत्र के लोग परेशान है बावजूद स्वास्थ्य विभाग अनदेखी पर आमादा है। आरोप लगाया की क्षेत्रवासियों के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह, मनीष तिवारी, गोविंद नेगी, दिलिप सिंह बोहरा, कुबेर सिंह आदि ने भी जल्द व्यवस्था सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।‌ दो टूक चेताया है की यदि उपेक्षा की गई तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सतीश पंत के अनुसार प्रयास किया जा रहा है की गरमपानी अस्पताल में दो दिन अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध कराई जा सके।