🔳सब्जियों व अनाज की उपज हो चुकी प्रभावित
🔳फल उत्पादक किसान भी बारिश न होने से परेशान
🔳सिंचाई योजनाएं चार वर्ष पहले ही छोड़ चुकी साथ
🔳बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगीं हैं। लंबे समय से बारिश के न होने व चार वर्ष पूर्व आपदा से ध्वस्त पड़ी सिंचाई योजनाओं के आज तक संचालित न होने से किसानों के खेत सूख चुके हैं। सब्जियों व अनाज की पैदावार प्रभावित होने के बाद फल उत्पादन को भी नुकसान का अंदेशा है। किसानों ने दोनों ब्लॉकों को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
लंबे समय से इंद्रदेव के रुठने से गांवों में खेती-बाड़ी प्रभावित हो चुकी है। उपज को समुचित पानी न मिलने से मटर, गोभी, टमाटर समेत कई सब्जियों की पैदावार प्रभावित हो चुकी है। गेहूं की उपज को भी खासा नुकसान पहुंचा है। बारिश के इंतजार में कास्तकार मायूस हो चुके हैं। सिंचाई योजनाएं भी अस्त व्यस्त हालत में है। लंबे समय से सिंचाई योजनाओं को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद आज तक नहरें दुरुस्त नहीं हो सकी है। दो तरफा मार झेल रहे किसान विभागीय उपेक्षा से भी खासे नाराज हैं। मंहगे दामों पर बीज खरीदकर किसानों ने मटर की बुआई की पर समय से बारिश न होने पर मटर की समुचित पैदावार नहीं हो सकी है। बीज की कीमत तक वसूल नहीं हो पा रही। रामगढ़ ब्लॉक के फल उत्पादक पट्टी के बागबान भी बारिश न होने से परेशान हैं। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। कास्तकार हीरा सिंह, नारायण सिंह, बिशन सिंह, गोपाल सिंह आदि ने रामगढ़ व बेतालघाट ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को फसल की क्षति का उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।

error: Content is protected !!