🔳सड़क पर उतर नारेबाजी कर निकाला गुबार
🔳शासन – प्रशासन पर गांवों की उपेक्षा का लगाया आरोप
🔳सड़क की बदहाली से हो रही दुर्घटनाओं के लिए अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार
🔳जल्द डामरीकरण न किए जाने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

दो दर्जन से भी अधिक गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बजोल – अल्मियाकांडे मोटर मार्ग पर डामरीकरण न किए जाने पर आखिरकार ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। ग्रामीणों ने सड़क पर नारेबाजी कर रोष जताया। सड़क निर्माण को पंद्रह वर्ष से भी अधिक समय बीतने के बावजूद महज दो किलोमीटर क्षेत्र में डामरीकरण न किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद शासन प्रशासन पर गांवों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। दो टूक कहा की यदि जल्द डामरीकरण कार्य शुरु नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे से कनार, मंगडोली, खुडोली, खान, कांडा, जाला, डूंगरा, ईनाड़, काकड़ीघाट, बोहरागांव, भुजान समेत लगभग दो दर्जन से भी अधिक गांवों को जोड़ने के लिए लगभग 15 वर्ष पूर्व बजोल – अल्मियाकांडे मोटर मार्ग का निर्माण किया गया। उम्मीद थी की गांवों के बाशिंदों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा पर समय के साथ साथ उम्मीदें धराशाई हो गई। 15 बरस का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक सड़क पर डामरीकरण नहीं किया जा सका है। ग्रामीण डामरीकरण कई मांग उठाते थक चुके हैं पर तंत्र सुनने को तैयार नहीं। शनिवार को ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। ग्रामीणों ने बदहाल सड़क पर नारेबाजी कर शासन प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। आरोप लगाया की आए दिन बदहाल सड़क पर लोग चोटील हो रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। लगातार उपेक्षा की जा रही है‌ जिसे अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द डामरीकरण का कार्य शुरु नहीं किया गया तो फिर उग्र आंदोलन शुरु किया जाएगा। इस दौरान चंद्रशेखर सिंह, बालम मेहरा, बालम सिंह देव, नवीन सिंह, पूरन सिंह, बचे सिंह देव, लछी राम, पनी राम, जसौद राम, मोहन सिंह, मोहन जलाल, दीवान सिंह जलाल, बालम सिंह, राकेश मेहरा, गिरीश चंद्र, मदन सिंह आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!