🔳 रातीघाट क्षेत्र में दुकान को आए दिन जबरन बंद कराए जाने का लगाया आरोप
🔳 दुकान कर्मियों से गाली गलौज व जान से मारने की धमकी पर जताई चिंता
🔳 भविष्य में बड़ी घटना सामने आने का जताया अंदेशा
🔳 शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का आंदोलन भी जारी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान के विरोध के बीच दुकान के अनुज्ञापी सुरेश चंद्र उप्रेती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजूनाथ टीसी को पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पत्र के माध्यम से बताया है कि आए दिन दुकान को बंद करा दिया जा रहा है। दुकान में कार्यरत कर्मियों के साथ गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी जा रही। अनुज्ञापी ने भविष्य में बड़ी घटना के सामने आने का अंदेशा भी जताया है।
हाईवे पर स्थित रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने से क्षेत्र की महिलाएं व पंचायत प्रतिनिधि आंदोलनरत हैं। दुकान खुलने के बाद से ही मातृशक्ति का पारा सातवें आसमान पर है। मंगलवार को भी महिलाओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने देर शाम तक दुकान के बाहर बैठकर नारेबाजी कर रोष जताया। एक स्वर में क्षेत्र से शराब की दुकान हटाए जाने की मांग उठाई। विरोध के बीच अब दुकान के अनुज्ञापी सुरेश चंद्र उप्रेती ने भी एसएसपी को पत्र भेजकर सरकारी शराब की दुकान के विरोध को सोची समझी साजिश करार दे सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी को पत्र के माध्यम से बताया है कि कुछ महिलाएं आए दिन दुकान को बंद करा दे रही है जिससे सरकार को राजस्व का नुक़सान हो रहा है। दुकान को जबरन बंद कर जान से मारने की धमकी देने के साथ ही गाली-गलौज भी की जा रही है। दुकान को बंद कराए जाने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकान के अनुज्ञापी ने ऐसी स्थिति में कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा जता मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।
