🔳बगैर अधिकारियों की देखरेख में कार्य होने पर ग्राम प्रधान ने जताई नाराजगी
🔳हरिनगर हरतोला पंपिंग पेयजल योजना का मामला
🔳दो करोड़ रुपये से निर्माणाधीन है योजना
🔳 अनदेखी पर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन की चेतावनी

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कोसी नदी से तमाम गांव को पेयजल उपलब्ध कराने को निर्माणाधीन हरिनगर हरतोला पंपिंग पेयजल योजना पर ग्राम प्रधान ने सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया है कि बगैर अधिकारियों के देखरेख के कार्य करवाया जा रहा है। वहीं तीस वर्ष पुरानी योजना से भी लाइन जोड़ने पर सवाल उठाए हैं। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान के अनुसार समय-समय पर मॉनिटरिंग की जा रही है। तय मानकों के अनुसार ही कार्य करवाया जा रहा है।

गांवो में पानी का सूखा खत्म करने के लिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत कोसी नदी से हरिनगर हरतोला व दुआ ब्लॉक आदि गांव के सैकड़ो परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पंपिग पेयजल योजना का कार्य गतिमान है। ग्राम प्रधान हरिनगर हरतोला एस लाल ने करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन योजना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया है कि बगैर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में कार्य किया जा रहे हैं वहीं गांव की करीब तीस वर्ष पुरानी योजना से पेयजल लाइन जोड़ी जा रही है। दो करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से तैयार की जा रही योजना में अनियमित का आरोप लगा जांच की मांग उठाई है। ग्राम प्रधान एस लाल के अनुसार विभागीय अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। चेतावनी दी है की मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान के अनुसार जल जीवन मिशन योजना के तहत निर्माणाधीन योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। समय-समय पर विभागीय अधिकारी निरीक्षण भी कर रहे हैं। थर्ड पार्टी निरीक्षण भी किया जा रहा है। साफ कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता व तय मानक के अनुसार कार्य करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!