🔳आए दिन मवेशियों को निवाला बना रहा गुलदार
🔳रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव में तेज हुई धमक
🔳दिन दहाड़े आबादी के नजदीक तक पहुंचने से ग्रामीण खौफजदा
🔳पशुपालकों को मुआवजा देने तथा गांव के समीप पिंजरा लगाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव में गुलदार के आंतक से गांव के बाशिंदे खौफजदा है‌। आए दिन गुलदार मवेशियों को मौत के घाट उतार रहा है जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। आबादी के नजदीक तक गुलदार की धमक तेज होने से अनहोनी का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है।
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में गुलदारों का आंतक सिर चढ़कर बोल रहा है। भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर थापली व खैरनी गांव के बीच गुलदार के बाइक सवारों पर झपटने से खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है वहीं रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव में भी गुलदार की घुसपैठ तेज हो गई है। गांव के कई पशुपालकों के मवेशियों को मार डालने के बाद अब गुलदार आबादी के नजदीक तक पहुंच रहा है जिससे अनहोनी का अंदेशा बढ़ गया है। कृषि कार्य के लिए खेतों में जाने वाली महिलाएं भी डरने लगी है जबकि स्कूलों को आवाजाही करने वाले नौनिहाल पर भी खतरा मंडरा रहा है। भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मला जीना के अनुसार गुलदार के बढ़ते खतरे से पशुपालकों का पशुपालन से मोहभंग होता जा रहा है। गांवो में खेतीबाड़ी के बाद अब पशुपालन भी चौपट होने के कगार पर पहुंच गया है। निर्मला ने पशुपालक मोहन सिंह जीना, किसन सिंह, जीवन सिंह, प्रताप सिंह, बिशन सिंह, चंपा देवी, डीकरी देवी, मोहनी देवी, दीपा देवी को मुआवजा देने तथा गांव के समीप पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!