🔳 तहसील प्रशासन व एनएच की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
🔳 बरसाती नाली होगी दुरुस्त, बदले जाएंगे लोहे के जाल
🔳 स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण
= एसडीएम ने दिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में व्यवस्थाओं में सुधार को श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने कमर कस ली है। बाजार में दुर्घटना का खतरा बन चुकी बरसाती नाली व क्षतिग्रस्त लोहे के जाल बदलने तथा नए कलमठ निर्माण को प्रशासन ने एनएच के अधिकारियों के साथ बाजार का निरीक्षण किया। एसडीएम मोनिका ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव तैयार कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों की मुहिम आखिरकार रंग ला गई है। संगठन से जुड़े व्यापारी लंबे समय से गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में बरसाती नाली को दुरुस्त करने के साथ ही लोहे के जाल लगवाने व फुटपाथ तैयार करने की मांग उठाते आ रहे हैं। बीते दिनों महिला सभागार में लगे शिविर में ग्राम प्रधान उषा पिनारी ने भी व्यापारियों की मांग को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सामने जोर-शोर से उठाया। डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी मोनिका ने मंगलवार को एनएच अधिकारियों के साथ बाजार का जायजा लिया। प्रशासन व एनएच विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में जगह जगह खुली नाली तथा क्षतिग्रस्त लोहे के जाल की स्थिति देखी। बाजार में अतिक्रमण की जद में आ चुके कलमठो का भी निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को नाली दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त लोहे के जाल बदलने तथा इंटर लाॅकिग टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को भी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। एनएच के सहायक अभियंता आरसी पांडे ने बताया की जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। बजट की स्वीकृति मिलते ही बाजार क्षेत्र में कार्य शुरु करवाए जाएंगे। इस दौरान एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष, सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला, राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी, पुष्कर पनौरा, दिनेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।
