◾पहले चरण में भवाली से क्वारब तक संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
◾उच्च न्यायालय के आदेश पर हरकत में आई विभागीय टीम
◾ संयुक्त टीम के नाप-जोख अभियान से बाजार क्षेत्रो में मचा हड़कंप
◾ जल्द एनएच व प्रशासन की भूमि से हटवाया जाएगा अतिक्रमण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन व एनएच विभाग हरकत में आ गया है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर एनएच व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण चिह्नित करने का अभियान शुरु कर दिया गया है। पहले चरण में भवाली से क्वारब तक लगभग चालीस किमी दायरे में विभागीय टीम नाप-जोख में जुट गई है। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
बीते दिनों उच्च न्यायालय नैनीताल ने राष्ट्रीय राजमार्गों व राज्य मार्गो से अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए हैं। रविवार को एनएच व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोनों ओर नाप-जोख अभियान शुरु किया। एनएच पर अधिकारियों की फौज उतरते ही हड़कंप मच गया। भवाली, कैंची, रातीघाट, गरमपानी, खैरना, छडा़, जौरासी, नावली, काकड़ीघाट, सुयालखेत, सुयालबाडी़, नैनीपुल, क्वारब आदि क्षेत्रों में विभागीय टीम ने नाप-जोख अभियान चलाया। पहले चरण में सरकारी व एनएच की भूमि पर किए गए अतिक्रमण चिह्नित किए जाएंगे। अतिक्रमण चिह्नित होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरु होगी। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ शिंकजा भी कसा जाएगा। एनएच के अवर अभियंता विनोद कुमार के अनुसार उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन पर पहले चरण में हाइवे के दोनों ओर अतिक्रमण चिह्नित किया जा रहा है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। अग्रिम आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक अभियंता जीके पांडे, आरसी पांडे, कानूनगो नरेश असवाल, नरेश कुमार, बीसी शर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक जया बिष्ट, ललित जोशी, दीपक सांमत, गोधन सिंह मनराल आदि मौजूद रहे।
