🔳मध्यरात्रि खैरना बाजार में पहाड़ी से टकराया वाहन
🔳वाहन के हाइवे पर होने से जाम से परेशान रहे यात्री
🔳कैंटर को हटाए जाने के बाद सुगम हो सका यातायात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में कैंटर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारणों व चालक का पता नहीं लग सका। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से दिनभर बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम को वाहन को हटाए जाने के बाद यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो सकी।
हाइवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में मध्य रात्रि यूके 04 सीए 3413 के पहाड़ी से टकराने की आवाज सुन आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। वाहन के नजदीक पहुंचे तो वाहन में चालक नहीं मिला। सुबह भी लोगों को चालक के विषय में जानकारी नहीं मिली। चालक के कहीं निकल जाने का अनुमान लगाया गया। कैंटर के दुर्घटनाग्रस्त होने से सुबह से ही बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बिगड़ने लगी। चौराहे पर यातायात डूयूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने कई बार व्यवस्था दुरुस्त की पर दिन चढ़ने के साथ वाहनों का दबाव बढ़ने से कई बार जाम की समस्या पैदा हुई। आवाजाही कर रहे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा हालांकि पुलिस टीम के जवान यातायात दुरुस्त करने में मुस्तैदी से जुटे रहे। शाम को क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाए जाने के बाद बामुश्किल यातायात सुगम हो सका। यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने पर बाजार क्षेत्र के लोगों ने भी राहत की सांस ली।




