🔳 महिलाओं के साथ दुकान के आगे बैठकर दिया धरना
🔳 दुकान को हटाकर ही पीछे हटने का किया ऐलान
🔳 लगातार विरोध के बावजूद अनदेखी पर जताया रोष
🔳 सरकार विरोधी नारों से गुंजा रातीघाट बाजार
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र शराब की दुकान के विरोध में उतरी मातृशक्ति को पंचायत प्रतिनिधियों का साथ मिल गया है। महिलाओं के समर्थन में ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान प्रतिनिधियों ने भी धरना दिया। एक स्वर में कहा की जब तक दुकान नहीं हटाई जाएंगी आंदोलन जारी रहेगा।
रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान का विरोध तेज हो गया है। दो दिन से दुकान के विरोध में आंदोलनरत महिलाओं ने शुक्रवार को भी बाजार क्षेत्र में खुली शराब की दुकान को बंद करा धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लगाकर नाराजगी जताई। आंदोलनकारियों को समर्थन देने ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, जिंप सदस्य यशपाल आर्या समेत कई अन्य पंचायत प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों ने मातृशक्ति को समर्थन देने का ऐलान कर कहा कि रातीघाट बाजार क्षेत्र में शराब की दुकान कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि शराब की दुकान से क्षेत्र का माहौल खराब होगा साथ ही छोटे छोटे बच्चों के भी नशे की जद में आने का अंदेशा है। लगातार विरोध के बावजूद दुकान न हटाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। पंचायत प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि यदि मातृशक्ति की मांग की अनदेखी की गई तो फिर गांवों के लोगों के साथ धरना स्थल पर धरना दिया जाएगा। महिलाओं ने पंचायत प्रतिनिधियों का समर्थन मिलने पर धन्यवाद ज्ञापित कहा। महिलाओं ने शराब की दुकान न हटने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र भंडारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि त्रिभुवन पाठक, ग्राम प्रधान गरजोली मुकेश गरजोल, सोबन सिंह करायत, ललिता जोशी, सुनीता बिष्ट, पूनम देवी, हेमा देवी, नेहा जोशी, सुनीता बिष्ट समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।