🔳 वाटर फाॅल में सुरक्षा के नहीं है कोई भी इंतजाम
🔳 धड़ल्ले से ख़तरे की डुबकी लगा रहे पर्यटक, पूर्व में दो लोगों की हो चुकी है मौत
🔳 छोटे छोटे बच्चों को लेकर पहुंच रहे कोसी नदी के बीचोंबीच
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के ढोकाने स्थित वाटर फाॅल में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। बगैर सुरक्षा इंतजाम व निगरानी के पर्यटक वाटर फाॅल में नहाने उतर जा रहे हैं। वाटर फाॅल में एक साथ कई लोगों के उतरने से अनहोनी का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है पूर्व में वाटर फाॅल में डूबने से दो लोगों की मौत के बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। वहीं कोसी नदी में पर्यटक छोटे छोटे बच्चों के साथ नदी के बीचोंबीच पहुंचकर बड़े हादसे को आमंत्रण देने पर आमादा है।
नदियों में नहाने के दौरान डूबकर जान गंवाने की तमाम घटनाएं सामने आने के बावजूद ढोकाने वाटर फाॅल तथा कोसी नदी में बड़ी घटना को न्यौता दिया जा रहा है। ढोकाने स्थित वाटर फाॅल में सही गहराई का अंदाजा न होने के बावजूद एक साथ दर्जनों पर्यटक नहाने उतर जा रहे हैं जिससे अनहोनी का खतरा कई गुना बढ़ जा रहा है। यह हालत तब है जब पूर्व में दो लोगों की वाटर फाॅल में नहाने के दौरान डूबने से मौत तक हो चुकी है। लगातार खतरा बढ़ने के बावजूद जिम्मेदार कुंभकरणीय नींद में है। आरोप है की कई लोग नशे में भी वाटर फाॅल में नहाने उतर रहे हैं जिससे अराजकता तक हावी हो रही है। इधर कोसी नदी क्षेत्र में नावली के समीप पर्यटकों की भीड़ नदी के बीचोंबीच तक पहुंच जा रही है। कई पर्यटक अपने बच्चों तक की जिंदगी से खिलवाड़ कर उन्हें नदी के बीचोंबीच तक ले जा रहे हैं। खतरे वाले स्थानों पर आवाजाही प्रतिबंधित होने के बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाकर खुलेआम नदी में प्रवेश किया जा रहा है। श्री कैंची धाम तहसील के उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या के अनुसार मामला गंभीर है। मानसून नजदीक होने से नदी का वेग भी बढ़ जाता है। जल्द ढोकाने वाटर फाॅल व कोसी नदी में प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। नियमों का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
