🔳 सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोके जाने पर हो जा रहा हंगामा
🔳 वाहन चालकों के हो हल्ला करने से रोकना पड़ा रहा कार्य
🔳 गिरताऊ हालत में पहुंच चुके पत्थरों के गिराने का कार्य है गतिमान
🔳 एनएच प्रशासन ने लोगों से की संयम बरतने की अपील
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली क्षेत्र में अतिसंवेदनशील पहाड़ी से खतरा टालने को किए जा रहे कार्यों के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोके जाने से वाहन चालकों के हंगामा करने से कार्य की रफ्तार धीमी पड़ गई है। ऐसे में बरसात से पूर्व खतरा टालने का लक्ष्य पूरा होता असभंव प्रतीत होने लगा है। एनएच प्रशासन ने आवाजाही करने वाले वाहन चालकों से संयम बरतने की अपील की है ताकि समय रहते पहाड़ी पर किए जा रहे कार्य को पूरा किया जा सके।
लोहाली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी के उपचार को किए जा रहे कार्य के दौरान पहाड़ी से गिरताऊ हालत में पहुंच चुके बोल्डर व पत्थर गिराए जाने का कार्य युद्धस्तर पर गतिमान है। सुरक्षा के मद्देनजर यातायात भी रोका जा रहा है पर आवाजाही करने वाले वाहन चालक हो हल्ला कर विवाद की स्थिति पैदा कर कार्य को प्रभावित कर दे रहे हैं जिससे कार्य की गति धीमी पड़ती जा रही है। पहाड़ी पर किए जा रहे कार्यों की गति धीमी होने से आगामी बरसात में यातायात अवरुद्ध होने व बड़ी दुर्घटना के सामने आने का भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार थोड़ी थोड़ी देर के लिए यातायात रोका जा रहा है पर कई वाहन चालक लड़ाई झगडे पर उतारु हो जा रहे हैं जिससे आधा अधूरा कार्य होने पर ही काम रोकने पड़ रहा है। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला ने बताया की पहले ही कार्यदाई संस्था को समय समय पर यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर ही कुछ देर के लिए वाहनों को रोका जा रहा है पर कुछ लोग बेवजह ही हंगामें पर उतारु हो जा रहे हैं। सहायक अभियंता ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की है ताकि बरसात से पूर्व ही कार्य पूरा किया जा सकें। कहा की समय पर कार्य पूरा होने से जहां अगामी बरसात में यातायात सुचारु रहेगा वहीं दुर्घटना का खतरा भी टल सकेंगा।




