🔳 आवाजाही करने वालों के छूट रहे पसीने
🔳 बाईपास निर्माण के बाद भी नहीं हो रहा जाम का समाधान
🔳 कई बाजार क्षेत्रों के व्यापारियों का व्यवसाय भी जाम ने किया ठप
🔳 व्यापारियों ने जाम संभावित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती पर दिया जोर
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे व कैंची क्षेत्र में जाम विकराल रुप धारण कर चुका है। भवाली से खैरना क्षेत्र तक महज बीस किमी के दायरे में सात स्थानों पर जाम पांव जमा चुका है। पहले विकेंड और अब रोजाना जाम की स्थिति बने रहने से आवाजाही करने वाले लोग परेशान हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जाम वाले क्षेत्रों में समस्या के समाधान को ठोस उपाय किए जाने पर जोर दिया है।
हाईवे पर जाम एक बड़ी चुनौती बन चुका है। आवाजाही करने वाले जाम में फंसने से तमाम परेशानी झेलने को मजबूर हो चुके हैं यह हालात तब है जब करोड़ों रुपयों के बजट से बाइपास निर्माण तक हो चुका है। भवाली से खैरना तक की महज बीस किमी की दूरी तय करने में ही घंटों का समय लग जा रहा है। हाईवे पर कैंची मुख्य बाजार के अलावा मल्ला व तल्ला कैंची, बाइपास पर भवाली टंचिग ग्राउंड के समीप, रामगाढ़, खैरना बाजार, रानीखेत पुल, लोहाली, दोपांखी क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। खैरना निवासी बिशन जंतवाल के अनुसार पहले विकेंड पर ही जाम की समस्या से जूझना पड़ता था पर अब रोजाना ही जाम की स्थिति बने रहने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने बताया की जाम की समस्या का खामियाजा व्यापारियों को भी भुगतना पड़ रहा है। जाम में फंसने के बाद लोग कहीं भी रुकना पसंद नहीं कर रहे जिससे व्यापार प्रभावित हो चुका है। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी, कैलाश नैनवाल, देवेश कांडपाल, गौरव पंत आदि ने जाम वाले स्थानों पर समुचित पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है ताकि समस्या का स्थाई समाधान हो सके।
