🔳 एक छोर के सुरक्षा कार्य खाई की ओर लटके
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए यात्री व पर्यटक
🔳 क्षेत्रवासियों ने नए पुल से यातायात सुचारु किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दो पांखी स्थित पुल पर आवाजाही खतरनाक होने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही जबकि दूसरे हिस्से में वैकल्पिक पुल का निर्माण भी किया जा चुका है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रेम नाथ गोस्वामी ने विभागीय अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। जल्द नए पुल से वाहनों की आवाजाही शुरु कराने जाने की मांग की है।
हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में वर्षों पुराने पुल के एक छोर से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ चुका है। सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के गार्डर खाई की ओर लटके हुए हैं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पर्यटन सीजन के चलते इन दिनों हाईवे पर वाहनों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हो चुकी है जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। पुराने पुल के दूसरी ओर नए पुल का निर्माण भी हो चुका है बावजूद उस पुल से यातायात सुचारु न कराकर पुराने पुल से ही आवाजाही करवाई जा रही है। स्थानीय मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया है कि शायद एनएच प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, बिशन सिंह जंतवाल, कन्नू गोस्वामी, गोविंद नेगी आदि ने नवनिर्मित पुल से यातायात सुचारु किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है




