🔳 भारी भरकर वाहनों से बैली ब्रिज पर मंडरा सकता है खतरा
🔳 लोनिवि सचिव भी बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने को दे चुके हैं निर्देश
🔳 खुलेआम हो रही आवाजाही से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
🔳 क्वारब बाइपास पर कोसी नदी पर बनाया गया है बैली ब्रिज
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर कोसी नदी पर बने नवनिर्मित बैली ब्रिज पर भारी भरकम मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होने के बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। बैली ब्रिज की भार वहन क्षमता से अधिक वजनी वाहनों के दौड़ने से नवनिर्मित ब्रिज के अस्तित्व पर भी खतरा बढ़ने का अंदेशा है। आवाजाही प्रतिबंधित होने के बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब की पहाड़ी के लगातार हालात बिगड़ने से आवाजाही के लिए बाइपास का निर्माण किया गया है। कोसी नदी पर दो बैली ब्रिज भी तैयार किए गए हैं। बाइपास निर्माण होने से आवाजाही करने वाले पर्यटकों व यात्रियों को काफि राहत भी मिली है। कोसी नदी पर बने बैली ब्रिज पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है बकायदा बीते दिनों निरीक्षण को पहुंचे लोनिवि सचिव पंकज पांडेय ने भी विभागीय अधिकारियों को बैली ब्रिज पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने तथा जल्द क्वारब क्षेत्र से मालवाहक वाहनों की आवाजाही शुरु कराने के आदेश भी दिए हैं बावजूद लोनिवि सचिव तक के आदेशों को दरकिनार कर लगातार बड़े वाहनों नवनिर्मित बैली ब्रिज पर आवाजाही कर रहे हैं। भारी भरकम वाहनों की आवाजाही से भविष्य में ब्रिज के अस्तित्व पर संकट गहरा सकता है। यात्रियों व पर्यटकों ने बैली ब्रिज से बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग उठाई है बावजूद सुध नहीं ली जा रही जिससे खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लोगों ने स्पष्ट कहा की अनदेखी भारी पड़ सकती है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता प्रदीप जोशी के अनुसार बैली ब्रिज बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। मालवाहक वाहनों की आवाजाही से ब्रिज पर खतरा बढ़ सकता है। बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने को पुलिस व प्रशासन को पत्राचार भी कर दिया गया है।




