🔳 प्रशासन की एकाएक हुई कार्रवाई से मचा हड़कंप
🔳 बिजली व पानी के घरेलू कनेक्शन के व्यवसायिक इस्तेमाल का हुआ खुलासा
🔳 बगैर जांच पड़ताल के फूड लाइसेंस उपलब्ध कराने पर खड़े हुए सवाल
🔳 जिलाधिकारी को भेजी जाएगी रिपोर्ट
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में बगैर लाइसेंस के संचालित एक होटल के बारह कमरे सील कर दिए है। प्रशासन की एकाएक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। कार्रवाई में बगैर जांच पड़ताल के विद्युत व पेयजल कनेक्शन देने तथा फूड लाइसेंस देने का भी खुलासा हुआ है जिससे तीनों विभागों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।
बुधवार को श्री कैंची धाम तहसील के एसडीएम अनुराग आर्या के आदेश पर तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी की अगुवाई में प्रशासन, जिला पंचायत, खाद्य व नागरिक आपूर्ति व पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम कैंची पहुंची। यहां संचालित एक होटल में पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। संयुक्त टीम को संचालित होटल में किसी भी प्रकार का कोई लाइसेंस नहीं मिला तथा अवैध रुप से संचालित होता मिला साथ ही बिजली व पेयजल के घरेलू कनेक्शन का व्यवसायिक इस्तेमाल होने का खुलासा हुआ। होटल में तैनात महज फूड लाइसेंस उपलब्ध करा सके। ऐसे में बगैर जांच पड़ताल के विद्युत व पेयजल कनेक्शन देने तथा फूड लाइसेंस उपलब्ध कराए जाने पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए। तमाम अनियमितता सामने आने पर संयुक्त टीम ने होटल के बारह कमरे सील कर दिए साथ ही कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं होगा। नियमों का उल्लघंन करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के सख्त रवैए से कैंची क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान फूड सेफ्टी ऑफिसर असलम खान, पूर्ति निरीक्षक अनीता पंत, राजस्व उपनिरीक्षक रवि पांडे, कर अधिकारी विजय बिष्ट, पंकज कुमार हर्बोला आदि मौजूद रहे।
