🔳 कैंची व हाईवे पर जाम के मद्देनजर उठाया गया कदम
🔳 आए दिन रोके जाने से मालवाहक चालक व हेल्पर भी परेशान
🔳 स्थानीय लोगों ने जाम के समाधान को ठोस रणनीति पर दिया जोर
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा कैंची क्षेत्र में जाम की समस्या के मद्देनजर नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर पहाड़ से से हल्द्वानी की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को रोक दिया गया। सुबह से शाम तक रोके जाने के बाद वाहनों को एक एक कर छोड़ा गया। दिनभर वाहनों के खड़े रहने से चालक व हेल्पर भी परेशान रहे। स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या के समाधान को ठोस रुपरेखा तैयार किए जाने पर जोर दिया है।

पर्यटन सीजन व कैंची धाम में श्रद्धालुओं के उमड़ने से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। विकेंड के बाद वाहनों का दबाव कुछ कम होने की उम्मीद थी पर सोमवार को भी कैंची धाम में भारी भीड़ रही। वाहनों का दबाव बढ़ने व जाम की समस्या के समाधान को पुलिस ने पहाड़ से हल्द्वानी को लौट रहे मालवाहक वाहनों को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में ही रोक लिया। मालवाहक वाहनों को रोके जाने से खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे तथा अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों की कतार लगी रही। दिनभर वाहनों के खड़े रहने से मालवाहक वाहनों के चालक व हेल्पर भी परेशान रहे। चालकों ने गहरी नाराजगी भी जताई। शाम को वाहनों का दबाव कम होने के बाद पुलिस ने मालवाहक वाहनों को एक एक कर हल्द्वानी की ओर रवाना किया। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जाम की समस्या के स्थाई समाधान की मांग उठाई है ताकि हाईवे पर आवाजाही सुगम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *