🔳 ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष व भाजपा मंडल अध्यक्ष के बीच हुई तकरार
🔳 भाजपा कार्यकर्ताओं के मंचासीन होने से शुरु हुआ विवाद
🔳 एकाएक हुए हंगामे से सख्ते में आए सभागार में मौजूद लोग
🔳 ब्लॉक प्रमुख, बीडीओ व पंचायत प्रतिनिधियों ने बामुश्किल मामला कराया शांत
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित सभागार में लगे प्रदर्शनी व जनकल्याणकारी शिविर में ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष व भाजपा बेतालघाट मंडल अध्यक्ष की बीच हुई तकरार से हड़कंप मच गया। बैठक में मौजूद अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों ने बामुश्किल मामला शांत करवाया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टाॅल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
बुधवार को ब्लॉक सभागार में लगे शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अंकित साह व बीडीओ पंकज जोशी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विभिन्न विभागों के लगे स्टालों का निरीक्षण कर अधिक से अधिक लोगों को विभाग व सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। शिविर शुरु ही हो सका था की तभी ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष जेडी कत्यूरा ने मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं के बैठने पर आपत्ति जता दी। मंच पर बैठे भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा का पारा भी चढ़ गया। दोनों के बीच शुरु हुई तकरार से सभागार में हड़कंप मच गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने मामला शांत कराने का भी प्रयास किया पर बहस बढ़ती चली गई। ब्लॉक प्रमुख, बीडीओ ने दोनों को समझाकर बामुश्किल मामला शांत कराया। मंच से भाजपा संगठन से जुड़े लोगों के हटने के बाद बंवडर थमा। शिविर में बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत समस्याएं छाई रही। पंचायत प्रतिनिधियों ने समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। शिविर में 39 समस्याएं दर्ज हुई। अधिकांश का मौके पर समाधान किया गया। बीडीओ ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए। साफ कहा कि जनहित के कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बेतालघाट ब्लॉक को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कई विभागों के सक्षम अधिकारियों के शिविर में न पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई। इस दौरान तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी, सीडीपीओ अनीता सक्सेना, लीलाधर जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज पडलिया, रंजीत, वीरेंद्र भंडारी, बालम पिनारी समेत कई ग्राम प्रधान व ग्रामीण मौजूद रहे।




