🔳 कैंची मेले में डूयूटी पर पहुंचे थे दोनों आरोपित पुलिसकर्मी
🔳 मध्य रात्रि हुई घटना से भड़का जनाक्रोश
🔳 आक्रोशित लोगों ने चौकी का घेराव कर की नारेबाजी
🔳 सुप्रसिद्ध क्षेत्र में हुई घटना से मचा हड़कंप
🔳 पुलिस की व्यवस्था के खिलाफ पहले ही था लोगों में गुस्सा
🔳 लाॅकडाउन जैसे दिखे हालात, गरमपानी बाजार रहा बंद
🔳 कोसी घाटी के सब्जी कारोबारियों को हुआ नुकसान
🔳 श्रद्धालु व पर्यटक भी हुऐ परेशान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची धाम के स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले में ड्यूटी पर पहुंचे एएसआई व एक हेड कांस्टेबल पर लड़की से छेड़छाड़, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर रिमांड में लिया गया है।
कैंची धाम मेले में ड्यूटी को पहुंचे दो पुलिसकर्मियो ने पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया है। ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद व कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार ने होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर दोनों मारपीट पर उतारु हो गए। युवती ने सूचना स्वजनों को दी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया सूचना पर क्षेत्रवासी व विभिन्न संगठनों के लोग आक्रोशित हो उठे। दोनों पुलिसकर्मियों को पीट भी डाला। गुस्साए लोगों ने रात को ही कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। बाबा के धाम में इस प्रकार की घटना को निंदनीय करार दिया। पुलिस के खिलाफ रोष जताया। दोनों आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। कोतवाल भवाली प्रकाश मेहरा ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दे लोगों को बामुश्किल शांत कराया। दोनों आरोपितों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल कराया गया जिसमें दोनों के शराब के नशे में होने की भी पुष्टि हुई। कोतवाल के अनुसार लड़की के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुबह से ही पुलिस की व्यवस्था के पर पनप रहा था गुस्सा
स्थापना दिवस पर पुलिस की सख्ती से बीते शनिवार सुबह से ही लोगों में नाराजगी थी। 13 जून से आवाजाही रोकने के साथ ही जीरो जोन बनाए जाने पर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई। श्रद्धालुओं के न पहुंचने से कई होम स्टे संचालकों की बुकिंग तक कैंसिल हो गई। एकाएक व्यवस्था लागू करने के साथ ही सख्ती बरतने पर श्रद्धालुओं ने भी हैरानी जताई। मध्य रात्रि में ही घटना से लोगों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस व एसएसपी के खिलाफ भी नाराजगी कर गुबार निकाला।
लाॅकडाउन जैसे दिखे हालात, गरमपानी बाजार रहा बंद
स्थापना दिवस तथा पर्यटक सीजन होने के बावजूद अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रविवार को सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने पुलिस की व्यवस्था से लाॅकडाउन जैसे हालात पैदा होने पर गहरी नाराजगी जताई। हालात इतने खराब रहे की गरमपानी मुख्य बाजार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल गरमपानी ईकाई के अध्यक्ष मनीष तिवारी, खैरना के गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा की बगैर विश्वास में लिए बनाई गई व्यवस्था से व्यापारियों को काफि नुकसान उठाना पड़ा। 13 जून से ही कारोबार ठप कर दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी गहरी नाराजगी जताई।
कोसी घाटी के सब्जी कारोबारियों को हुआ नुकसान
पुलिस के 13 जून से ही यातायात व्यवस्था में बदलाव करने से सब्जी कारोबार से जुड़े व्यावसायियों को काफि नुकसान उठाना पड़ा। सब्जी कारोबारी पंकज पंत, भास्कर त्रिपाठी, गौरव पंत ने बताया कि जटिल व्यवस्था के कारण बीन, गोभी आदि समय पर लखनऊ मंडी नहीं पहुंच पाई। देर में पहुंचने से 14 जून को भी सब्जी नहीं बिक सकी है।
श्रद्धालु व पर्यटक भी हुऐ परेशान
प्रत्येक वर्ष 15 जून के दिन ही हाईवे पर पनीराम ढाबा तथा दूसरी ओर वन विभाग के बैरियर से श्रद्धालु पैदल कैंची धाम पहुंचते थे पर इस वर्ष व्यवस्था में बदलाव के कारण 14 जून को श्रद्धालु पैदल ही दूरी नापने को मजबूर रहे। तेज धूप के बीच बच्चे व बुजुर्ग बेहद परेशान दिखे।
