🔳 जगह जगह बह रहा गंदा पानी, बजबजा रही गंदगी
🔳 हाईवे किनारे जहां तहां बिखरा कूड़ा अनदेखी की हकीकत कर रहा बयां
🔳 बेतरतीब पार्क वाहन व्यवस्था से कर रहे खिलवाड़
🔳 वाहन चालक पुलिस प्रशासन को दे रहे खुली चुनौती
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में स्थापना दिवस के नजदीक होने के बावजूद अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। हाईवे पर जगह जगह इकठ्ठा कूड़ा व बहता गंदा पानी लापरवाही की हकीकत बयां कर रहा है वहीं जहां तहां बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए वाहन व्यवस्था पर हावी हो रहे हैं।
कैंची धाम में पंद्रह जून को स्थापना दिवस की तैयारीयां जोर-शोर से शुरु हो गई है। आश्रम के अंदर व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया जा रहा है पर कैंची बाजार क्षेत्र में हालात एकदम उलट है। जगह जगह होटल व रैस्टोरेंटो से निकल रहे गंदे पानी व जहां तहां बजबजा रही गंदगी व्यवस्था की पोल खोल रही है। होटलों से छोड़ा जा रहा गंदा पानी बाजार में बने कलमठ से सीधे पवित्र शिप्रा नदी को रुख कर रहा है जिससे नदी भी प्रदूषित होती जा रही है। वहीं तल्ला कैंची क्षेत्र से कैंची मुख्य बाजार तक हाईवे किनारे फैला कूड़ा जिम्मेदारों की अनदेखी की हकीकत बयां कर रहा है। हाईवे पर यातायात व्यवस्था की धज्जियां उड़ाकर गलत ढंग से पार्क किए गए वाहन पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा है जिससे जाम भी एक बड़ी समस्या बनती जा रही है बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। स्थापना दिवस के नजदीक होने के बावजूद अव्यवस्थाओं के हावी होने से तमाम गंभीर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने व्यवस्थाओं में सुधार की पुरजोर मांग उठाई है। अपर संयुक्त मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा के अनुसार व्यवस्था दुरुस्त करने को सभी विभागीय अधिकारी जुटे हुए हैं जल्द ही सफाई व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएगी।
