🔳 स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से निकाला पर्यटकों को बाहर
🔳 मुरादाबाद से रानीखेत की सैर को निकले थे पति पत्नी व दो बच्चे
🔳 हाईवे पर कैंची के जाम से बचने को अपनाया शार्टकट
🔳 खतरनाक मार्ग पर सुरक्षित यातायात के नहीं हैं इंतजाम
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम की स्थिति को देख रातीघाट दूनिखाल मार्ग से रानीखेत को रवाना हुए पर्यटक की कार असंतुलित होकर पलट गई। कार के पलटने व चीख पुकार की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वाहन के अंदर फंसे पति पत्नी व दो बच्चों को बामुश्किल बाहर निकाला। गनीमत रही की सभी बाल बाल बच गए और बड़ी अनहोनी टल गई। मोटर मार्ग पर सुरक्षा के कोई भी इंतजाम न होने के बावजूद कई वाहन चालक जाम से बचने को खतरा उठाकर इस ख़तरनाक मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं।
रविवार को मुरादाबाद निवासी दंपति अपने दो बच्चों को लेकर रानीखेत की ओर रवाना हुए। हाईवे पर कैंची क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचने को उन्होंने अपनी कार यूपी 93 एवाई 5247 भवाली स्थित सैनिटोरियम से रातीघाट दूनिखाल मार्ग की ओर मोड़ ली। पर्यटक कुछ आगे बढ़े ही थे की पाडली गांव के समीप कार एकाएक असंतुलित होकर मार्ग के बीचोंबीच पलट गई। कार पलटने व कुछ लोगों के दुर्घटनाग्रस्त कार के अंदर फंसे होने की सूचना पर ग्राम प्रधान चौरसा किशोर ढैला, विजय करायत, तन्नू बोहरा, रमेश पांडेय, कपिल पांडे ने मौके पर पहुंचे कार के अंदर फंसे पति पत्नी व उनके दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही की सभी बाल बाल बच गए। कार यदि खाई की ओर पलटती तो बड़ी घटना सामने आ सकती थी। कार सवार पर्यटक पुलिस में तैनात बताया जा रहा है। बाद में सभी लोग दूसरे वाहन से गंतव्य को रवाना हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार मोटर मार्ग बेहद ख़तरनाक होने के बाद कई वाहन जाम से बचने को इस मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। सुरक्षा के कुछ भी इंतजार न होने से लोगों ने कभी भी बड़ी घटना का अंदेशा जताया है।
